प्रयागराज

ट्रिपल मर्डर से दहला प्रयागराज: एक ही कमरे में दो महिलाओं व एक पुरुष का मिला शव, कबाड़ का करते थे काम

Prayagraj News: प्रयागराज जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां तीन लोगों की धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई है।
2 min read
Prayagraj crime news
घटनास्थल पर जुटी भीड़, PC-Patrika

Triple Murder in Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां तीन लोगों की धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई है। तीनों के शव एक कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ मिले। मरने वालों में दो महिलाएं जबकि एक पुरुष भी शामिल है। घटना की जानकारी होने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं, पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, अभी तक इस बात की जानकारी नहीं हो सकी है कि यह पूरी वारदात कैसे घटी।

जानकारी के मुताबिक, शाहगंज थानाक्षेत्र के गढ़ी कला इलाके में एक मकान में तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं। मरने वालों में एक दंपति और एक महिला शामिल है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी किराए के इस मकान में रहते थे और कबाड़ का काम किया करते थे। दोनों मुकबधिर भी बताए जा रहे हैं। वहीं, एक अज्ञात महिला का शव भी उसी कमरे से बरामद हुआ है जो सोमवार की देर शाम उनसे मिलने पहुंची थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मंगलवार के दोपहर पुलिस को इस बात की जानकारी हुई कि तीन लोगों के शव एक ही कमरे से बरामद हुए हैं, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ ही बड़े पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने बताया है कि तीनों लोग एक ही कमरे में एक ही बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े हुए थे। पुरुष का शव बिस्तर के एक किनारे पर था, जबकि दो महिलाओं के शव बिस्तर के दूसरे किनारे पर बेतरतीब ढंग से पड़े हुए थे। पुलिस ने बताया है कि किसी धारदार हथियार से तीनों की हत्या की गई है। हालांकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं हो पाई है कि हत्यारा कौन है। वहीं, पुलिस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की जांच कर रही है।

क्या बोली मकान मालकिन

मकान मालकिन सुशीला देवी ने बताया कि मृतक दंपति पहली मंजिल पर ही किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों पिछले 6 महीने से उनके मकान में थे और कबाड़ बीनने का काम किया करते थे। उन्होंने बताया कि दोनों मुकबधिर थे, इस वजह से कोई इन्हे नाम से नहीं बुलाता था। उन्होंने बताया कि सोमवार की देर शाम एक महिला उनके कमरे में आई थी। मंगलवार की सुबह तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो तीनों के शव कमरे से बरामद हुए।

Updated on:
04 Aug 2026 02:58 pm
Published on:
04 Aug 2026 02:55 pm