प्रयागराज

सवालों के घेरे में UP Board, कई उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही रोल नंबर! 2 दर्जन से अधिक जिलों का एक जैसा हाल

Prayagraj news: UP Board की 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि इन परीक्षाओं में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है...
2 min read
Up board
Pc-patrika

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि इन परीक्षाओं में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के 32 जिलों में दो-दो उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही अनुक्रमांक मिला है। इसके बाद बोर्ड ने 94 से अधिक परीक्षार्थियों के रिजल्ट पर रोक लगा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

30 मई तक मांगी गई रिपोर्ट

जानकारी के मुताबिक, बलिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, मैनपुरी, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और आगरा समेत कई ऐसे जिले हैं जहां पर एक ही रोल नंबर की उत्तर पुस्तिकाएं मिली हैं। इस मामले की गंभीरता को लेते हुए बोर्ड ने क्षेत्रीय कार्यालय से 30 मई तक रिपोर्ट मांगी है। गौरतलब है कि इस वर्ष बोर्ड ने परीक्षा को पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए हाईटेक व्यवस्थाएं लागू की थी। वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, मेरठ और गोरखपुर क्षेत्र के मूल्यांकन केंद्रों से छात्रों के अंक सीधे बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड हुए थे।

प्रश्न पत्र पर अंकित किए गए थे न्यूमैरिक कोड

इसके अलावा प्रश्न पत्रों में गोपनीय न्यूमैरिक कोड भी अंकित किए गए थे, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर संबंधित केंद्र की पहचान हो सके। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी की जा रही थी। वहीं, एसटीएफ को भी इस काम के लिए सतर्क किया गया था। बावजूद इसके इस तरह की गड़बड़ी सामने आना बोर्ड की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।

इस तरह की गड़बड़ी सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा के दौरान कोपियों की अदला बदली की गई होगी। वहीं, मामला सामने आने के बाद इसमें जांच भी शुरू कर दी गई है और स्कूल प्रबंधन व केंद्र व्यवस्थापक खुद को बचाने में जुटे हुए हैं। इस तरह की गड़बड़ियां प्रतापगढ़, प्रयागराज, सीतापुर और महोबा में हाई स्कूल स्तर पर सामने आई हैं। जबकि इंटरमीडिएट में प्रतापगढ़, इटावा, हरदोई, प्रयागराज शामिल है।

दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

वहीं, गोरखपुर क्षेत्र के देवरिया में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं, जबकि वाराणसी क्षेत्र में चंदौली, जौनपुर, बलिया, मिर्जापुर, गाजीपुर, आजमगढ़ समेत कई जिलों में गड़बड़ी मिली है। बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद में भी इस तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। यूपी बोर्ड के अधिकारियों ने बताया है की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन केंद्रों पर इस तरह की गड़बड़ियां पाई जाएगी उन्हें डीबार भी किया जाएगा।

Updated on:
21 May 2026 09:19 am
Published on:
21 May 2026 09:19 am