UP Board Result: यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट आज शाम 4 बजे जारी होगा, 53 लाख से अधिक छात्र, 54 ट्रांसजेंडर और 360 बंदी परीक्षार्थियों का भविष्य आज तय होगा।
UP Board Results 2026 Today: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के इतिहास के सबसे बड़े परीक्षा परिणामों में से एक आज घोषित होने जा रहा है। हाई स्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) के करीब 53 लाख से अधिक विद्यार्थियों का इंतजार आज शाम 4 बजे खत्म होगा। इस बार का परिणाम कई मायनों में खास है,समावेशिता, तकनीक के उपयोग और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था ने इसे नई पहचान दी है।
इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 53,37,778 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 28,14,612 छात्र और 25,23,112 छात्राएं शामिल हैं। इसके साथ ही 54 ट्रांसजेंडर परीक्षार्थियों की भागीदारी ने इस परीक्षा को और अधिक समावेशी बनाया है। वहीं 360 ऐसे अभ्यर्थियों ने भी परीक्षा दी, जो विभिन्न जेलों में बंद हैं। हाईस्कूल के लगभग 26.02 लाख और इंटरमीडिएट के 24.91 लाख परीक्षार्थियों का भविष्य आज तय होगा।
परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच प्रदेश के 8033 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। इस बार परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने हर स्तर पर सख्ती बरती, जिससे परीक्षा की विश्वसनीयता बनी रही।
54 ट्रांसजेंडर परीक्षार्थियों की भागीदारी इस बार की परीक्षा की सबसे खास बातों में से एक है। यह शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर और समावेशिता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही जेलों में बंद 360 परीक्षार्थियों को भी परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया गया, जो शिक्षा के अधिकार को मजबूत करता है।
यूपी बोर्ड ने इस बार परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहद कम समय में पूरा कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। मात्र 15 कार्यदिवसों में परीक्षा और कॉपियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई, जो देशभर में एक मिसाल मानी जा रही है।
इस बार परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाने के लिए कई सख्त कदम उठाए गए:
इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं में भी बड़ा बदलाव किया गया। पहली बार A4 पोर्ट्रेट फॉर्मेट में उत्तर पुस्तिकाएं तैयार की गईं, जिनके प्रत्येक पृष्ठ पर बोर्ड का लोगो और हाशिया अंकित था। इससे कॉपियों की सुरक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित बनाया गया।
छात्र अपना रिजल्ट परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर देख सकेंगे। इसके अलावा डिजिलॉकर (https://results.digilocker.gov.in) पर भी परिणाम उपलब्ध रहेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपना रोल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी पहले से तैयार रखें, ताकि रिजल्ट देखने में कोई परेशानी न हो।
यूपी बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परिणाम आज शाम 4 बजे घोषित किया जाएगा। रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक की संभावना है, इसलिए छात्रों को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी ने सभी परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सभी छात्रों ने मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा दी है और उन्हें अपने परिणाम पर गर्व होना चाहिए।