
Siya Goyal Latest News:महाराष्ट्र के हाई-प्रोफाइल लोहगढ़ किला मर्डर केस में पुलिसिया जांच के बीच एक ऐसा सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है, जिसने इस पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी सिया गोयल ने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या केवल शादी से बचने के लिए नहीं, बल्कि '3 साल की आजादी' खरीदने के लिए की थी।
पुणे ग्रामीण पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सिया का प्रेमी चेतन चौधरी अभी अपने करियर में सेटल होना चाहता था। उसने सिया से कहा था कि वे कम से कम 3 साल बाद ही शादी कर पाएंगे। लेकिन दूसरी तरफ, परिवार ने सिया की शादी केतन अग्रवाल से इसी साल नवंबर में तय कर दी थी।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, सिया अपने प्रेमी चेतन से ही शादी करना चाहती थी, इसलिए दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का 'टाइम-बाय' प्लान बनाया। दरअसल, दोनों की सोच थी कि अगर केतन की मौत हो जाती है, तो परिवार सगाई टूटने के सदमे और शोक में अगले 2-3 साल तक सिया की शादी की बात नहीं करेगा।
इस दौरान केतन की मौत के बाद सिया को स्वतंत्र रूप से जीने की आजादी मिल जाती, वहीं चेतन अपने करियर पर फोकस कर लेता। इसके बाद दोनों आपस में शादी कर लेते। जांच में पता चला है कि इस खूनी साजिश का ताना-बाना इसी साल फरवरी से ही बुना जा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर गूगल पर 'मंगेतर को जान से मारने के तरीके' जैसे विषय सर्च किए थे। जांच के अनुसार, दोनों पहले अकेले लोहगढ़ किला भी गए थे, जहां उन्होंने कथित रूप से यह देखा कि केतन को किस जगह से धक्का देना आसान होगा। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने वारदात से पहले पूरी योजना बनाई, भेष बदलने के लिए अलग कपड़े और हुडी पहनने की तैयारी की तथा गिरफ्तारी की स्थिति में पुलिस के सवालों के जवाब में क्या कहना है, इसकी भी पहले से प्रैक्टिस की थी।