
Lohagad Fort Case Bali Passport: महाराष्ट्र के सनसनीखेज लोहगढ़ किला मर्डर केस में पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की खौफनाक साजिश की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस जांच में अब एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने से पहले और बाद में दोनों आरोपियों ने अपने बीच हुई व्हाट्सएप और अन्य टेक्स्ट चैट्स को पूरी तरह डिलीट कर दिया था।
पुलिस की तकनीकी जांच में कुछ बेहद चौंकाने वाले आंकड़े और तथ्य सामने आए हैं। दरअसल, केतन की हत्या से पहले की अवधि में सिया और चेतन के बीच 4400 से ज्यादा बार फोन पर बातचीत हुई थी। इससे साफ है कि दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे और पल-पल की प्लानिंग कर रहे थे।
पुलिस ने जब मामले की छानबीन करना शुरू की तो पता चला कि परिवार ने केतन और सिया के लिए इंडोनेशिया के बाली में एक बेहद आलीशान प्री-वेडिंग शूट प्लान किया था। लेकिन सिया इस शादी को किसी भी कीमत पर रोकना या टालना चाहती थी, इसलिए उसने चालाकी से केतन का पासपोर्ट चुरा लिया ताकि बाली की ट्रिप रद्द हो जाए और हुआ भी ऐसा ही।
पुलिस के मुताबिक, सिया अक्टूबर 2025 से ही चेतन चौधरी के साथ रिलेशनशिप में थी। वह इस शादी के सख्त खिलाफ थी, लेकिन परिवार के दबाव में सगाई कर बैठी। इसके बाद दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। जानकारी के मुताबिक, सिया शादी से पहले केतन को करीब लाने के बहाने दो बार लोहगढ़ किला लेकर गई। 14 जून को उसने केतन को पहाड़ी से धकेलने की पहली कोशिश की थी, लेकिन तब केतन एक झाड़ी को पकड़कर बच गए थे। आखिरकार 18 जून को दोनों अपने मंसूबे में कामयाब रहे और केतन को पश्चिमी चट्टान से नीचे धकेल दिया।
25 साल के केतन अग्रवाल (पुणे के मशहूर बिजनेसमैन विशाल अग्रवाल के बेटे) की हत्या को शुरुआत में ट्रैकिंग के दौरान पैर फिसलने का हादसा माना जा रहा था। लेकिन 23 जून को पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी फिलहाल 29 जून तक पुलिस कस्टडी में हैं। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में उदयपुर के एक आलीशान पैलेस में होने वाली थी, जिसके लिए परिवार ने मेहमानों के लिए दो स्पेशल फ्लाइट्स भी बुक कर ली थीं।