
लोहगढ़ किला मर्डर केस में आरोपी सिया के भाई साहिल से 10 घंटे पूछताछ की गई
Ketan Agrawal Murder Sahil Goyal: महाराष्ट्र के हाई-प्रोफाइल लोहगढ़ किला मर्डर केस में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से पुणे की लोनावला ग्रामीण पुलिस ने शुक्रवार को करीब 10 घंटे तक कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान साहिल ने पुलिस के सामने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर सिया इस शादी से खुश नहीं थी, तो परिवार खुद यह रिश्ता तोड़ देता।
लोनावला ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए शुक्रवार सुबह सिया के भाई साहिल गोयल को समन देकर बुलाया गया था। देर शाम तक चली करीब 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद उसे घर जाने की इजाजत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साहिल, दूसरे आरोपी और सिया के प्रेमी चेतन चौधरी को पहले से जानता था। पुलिस ने साहिल से दोनों के अफेयर और 18 जून (वारदात के दिन) की टाइमलाइन को लेकर कई सवाल पूछे। साहिल ने जांच अधिकारियों को बताया, 'अगर सिया ने हमसे एक बार भी कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है या वह इस शादी से असहज है, तो हम तुरंत शादी रोक देते। उसने परिवार से यह बात क्यों छुपाई, समझ से परे है।' सूत्रों के मुताबिक, साहिल के बयान से साफ है कि सिया ने अपनी मर्जी के खिलाफ हो रही इस शादी और चेतन के साथ अपने रिश्ते के बारे में अपने परिवार को बिल्कुल भनक नहीं लगने दी थी।
इस बीच, सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि केतन अग्रवाल के सिर पर 'हेयर विग' (नकली बाल) होने की वजह से सिया उनसे नाराज थी। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
विशाल अग्रवाल ने कहा कि 'मेडिकल कारणों से केतन के सिर पर एक छोटा सा पैच (बाल झड़ने की समस्या) था, जिसके लिए वह विग का इस्तेमाल करता था। यह बात रिश्ता तय होने से पहले ही सिया और उसके परिवार को साफ-साफ बता दी गई थी। अगर सिया को इससे कोई दिक्कत थी, तो वह सगाई के समय ही मना कर सकती थी। शादी तोड़ना बहुत आसान था, लेकिन इसके लिए मेरे बेटे की जान ले लेना बेहद खौफनाक है।'
लोनावला संभाग के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस गजानन टोंपे ने बताया कि इस मर्डर केस में दोनों मुख्य आरोपियों (सिया और चेतन) की भूमिका पूरी तरह स्थापित हो चुकी है। पुलिस अब तक इस मामले में 7 लोगों से पूछताछ कर चुकी है, जिसमें चेतन की दुकान का वह नौकर भी शामिल है जिसके मोबाइल का इस्तेमाल वारदात के दिन दोनों ने बातचीत के लिए किया था। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने लोहगढ़ किले की उसी 400 फीट गहरी खाई के पास 'डमी बॉडी' (पुतले) का इस्तेमाल कर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया, ताकि यह समझा जा सके कि केतन को किस एंगल से और कितनी ताकत से नीचे धकेला गया था।
Published on:
27 Jun 2026 11:30 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
