
Maharashtra Crime News: शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नितेश पवार और निखिल यादव को पुलिस ने गोवा भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया था। दोनों को 8 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इससे पहले पप्या शिंदे को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार मामले में अभी दो आरोपी फरार हैं। इनमें टल्ली नाम का मुख्य आरोपी और एक अन्य आरोपी शामिल है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार निखिल यादव ने प्रदीप पूर्णेकर पर गोली चलाई थी, जबकि नितेश पवार ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया था। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल भी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, वारदात के पीछे के कारण और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। इस बीच शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने शनिवार को पूर्णेकर के परिवार से मुलाकात की। इसके बाद ठाणे में पत्रकार वार्ता कर उन्होंने मामले की जांच को लेकर कई सवाल उठाए और कई दावे किए।
अंधारे ने दावा किया कि मीनाक्षी शिंदे, राजा शिंदे और टल्ली की पवार नगर में मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मुलाकात से जुड़ी जानकारी की जांच करनी चाहिए। अंधारे ने यह भी दावा किया कि इस मामले में पांच करोड़ रुपए के लेन-देन की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्णेकर क्लस्टर परियोजना में आम लोगों को उनका हक दिलाने के लिए काम कर रहे थे। अंधारे ने पुलिस से होटल महाराजा के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की मांग की। उनका दावा है कि वारदात से करीब 15 दिन पहले से पूर्णेकर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
अंधारे ने मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे से जुड़े आरोपों की भी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दोनों का नार्को टेस्ट कराने की मांग भी रखी। हालांकि, इन मांगों पर पुलिस की ओर से जांच के नतीजे सामने आना बाकी है। मीनाक्षी शिंदे ने इससे पहले पत्रकार वार्ता कर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि किसी व्यक्ति के साथ फोटो होना किसी आपराधिक संबंध का सबूत नहीं है। उन्होंने पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही थी और कहा था कि मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
पत्रकार वार्ता में सुषमा अंधारे ने दिशा सालियान की मौत के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मामले की एफआईआर उनके पास है और उसमें आदित्य ठाकरे का नाम नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर एफआईआर में आदित्य ठाकरे का नाम है तो वह राजनीति छोड़ देंगी। यह बयान उन्होंने नितेश राणे की ओर से आदित्य ठाकरे का नाम लिए जाने के संदर्भ में दिया। अंधारे ने दिशा सालियान की मौत से जुड़े कुछ दावों पर भी सवाल उठाए और कहा कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर ही बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में कुछ और बातें भी कहना चाहती हैं, लेकिन फिलहाल रुक रही हैं। प्रदीप पूर्णेकर हत्या मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही वारदात के पीछे की पूरी कड़ी और संभावित साजिश की जांच कर रही है।