
Congress Workers Protest Against BJP: रायबरेली में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी ने कहा कि खुद को विश्व की सबसे बड़ी और संस्कारी कहने वाली पार्टी के नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस मौके पर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी ने कहा कि जिले में राहुल गांधी के खिलाफ लगातार अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। ज्ञापन में दोषी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने राहुल गांधी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता सांसद राहुल गांधी को गाली दी गई है, जो लोकतंत्र पर हमला है। विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। खुलेआम धमकी दी गई है कि रायबरेली में घुसने नहीं देंगे।
राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि राहुल गांधी को चार लाख से अधिक वोटों से जीत मिली है। इसके बाद भी उन्हें खुलेआम गाली दी जा रही है। अगर इसे रोका नहीं गया तो कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है। सड़क पर उतरकर जवाब देने का काम करेगी। जिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए कार्रवाई करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन में शामिल सभी लोगों ने अपशब्दों का प्रयोग किया है, जिसका पुलिस प्रशासन ने भी वीडियो बनाया होगा। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
सुशील पासी ने कहा कि धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है। यह बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने किया गया। देश की सबसे बड़ी और संस्कारी पार्टी के नेताओं ने गंदी-गंदी गालियां दी हैं। उनके धरना-प्रदर्शन में जो लोग भी शामिल हुए हैं, उनमें सभी की जांच करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।