
Raebareli Assembly Election History: उत्तर प्रदेश की रायबरेली विधानसभा सीट पर एक परिवार का राजनीतिक दबदबा तीन दशक से ज्यादा समय तक बना रहा है। पहले अखिलेश कुमार सिंह ने लगातार पांच विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी पकड़ मजबूत की। उनके बाद बेटी अदिति सिंह ने भी इस विरासत को आगे बढ़ाया। अदिति ने 2017 में कांग्रेस और 2022 में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि पिता ने तीन अलग-अलग राजनीतिक पहचान के साथ चुनाव जीता, जबकि बेटी ने पार्टी बदलने के बाद भी अपनी सीट बचाए रखी। आइए जानते हैं रायबरेली विधानसभा सीट का पूरा चुनावी इतिहास और जीत-हार का समीकरण।
रायबरेली जिले में कुल छह विधानसभा सीटें हैं। इनमें बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली, सलोन, सरेनी और ऊंचाहार शामिल हैं। 1952 से 1962 तक रायबरेली का क्षेत्र उत्तर और दक्षिण नाम की दो विधानसभा सीटों में बंटा था। 1967 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों को मिलाकर वर्तमान रायबरेली सीट बनाई गई।
1967 में कांग्रेस के एमएम मिश्रा ने भारतीय जनसंघ के जे. प्रसाद को 17,423 वोटों से हराया। 1969 में कांग्रेस के मदन मोहन मिश्रा ने संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के राउर दीन को 11,949 वोटों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
1974 का चुनाव बेहद करीबी रहा। कांग्रेस की सुनीता चौहान ने भारतीय क्रांति दल के उमा शंकर यादव को सिर्फ 32 वोटों से हराया। उन्हें 21,434 वोट मिले, जबकि उमा शंकर यादव को 21,402 वोट मिले।
1977 में आपातकाल के बाद जनता पार्टी की लहर के बावजूद रायबरेली में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। मोहन लाल त्रिपाठी ने जनता पार्टी के उमा शंकर यादव को 2,155 वोटों से हराया। 1980 में कांग्रेस (आई) के रमेश चंद्र ने जनता पार्टी (सेक्युलर) के जय करण नाथ शुक्ल को 18,634 वोटों से हराया। 1985 में कांग्रेस के रमेश चंद्र शुक्ल ने लोक दल के श्रीपाल को 5,522 वोटों से मात दी।
1989 में जनता दल के अशोक कुमार सिंह ने कांग्रेस के रमेश चंद्र शुक्ल को 6,018 वोटों से हराकर कांग्रेस का दबदबा तोड़ दिया। 1991 में भी अशोक कुमार सिंह ने जीत दोहराई। उन्होंने जनता पार्टी के राम नरेश यादव को 9,649 वोटों से हराया।
1993 का चुनाव रायबरेली की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आया। कांग्रेस के टिकट पर उतरे अखिलेश कुमार सिंह ने भाजपा के प्रदीप कुमार त्रिवेदी उर्फ पप्पू को 38,279 वोटों से हराया। उन्हें 69,505 वोट मिले। 1996 में अखिलेश सिंह ने भाजपा के संतोष कुमार मिश्रा को 61,253 वोटों से हराया। 2002 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राजीव कुमार को 95,837 वोटों से मात दी।
2007 में अखिलेश सिंह ने कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और 76,603 वोट हासिल कर कांग्रेस के रुद्र प्रताप सिंह को 46,711 वोटों से हराया। 2012 में वह पीस पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे। इस बार उन्होंने सपा के राम प्रताप यादव को 29,494 वोटों से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।
2017 में अखिलेश सिंह की जगह उनकी बेटी अदिति सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा। उन्होंने बसपा के मोहम्मद शाहबाज खान को 89,163 वोटों से हराया। अदिति को 1,28,319 वोट मिले थे। 2022 में अदिति सिंह भाजपा में शामिल होकर चुनाव मैदान में उतरीं। उन्होंने सपा के राम प्रताप यादव को 7,175 वोटों से हराया। अदिति को 1,02,429 वोट मिले, जबकि राम प्रताप यादव को 95,254 वोट मिले।
| चुनाव वर्ष | विजेता | पार्टी |
|---|---|---|
| 1967 | एमएम मिश्रा | कांग्रेस |
| 1969 | मदन मोहन मिश्रा | कांग्रेस |
| 1974 | सुनीता चौहान | कांग्रेस |
| 1977 | मोहन लाल त्रिपाठी | कांग्रेस |
| 1980 | रमेश चंद्र | कांग्रेस (आई) |
| 1985 | रमेश चंद्र शुक्ल | कांग्रेस |
| 1989 | अशोक कुमार सिंह | जनता दल |
| 1991 | अशोक कुमार सिंह | जनता दल |
| 1993 | अखिलेश कुमार सिंह | कांग्रेस |
| 1996 | अखिलेश कुमार सिंह | कांग्रेस |
| 2002 | अखिलेश कुमार सिंह | कांग्रेस |
| 2007 | अखिलेश कुमार सिंह | निर्दलीय |
| 2012 | अखिलेश कुमार सिंह | पीस पार्टी |
| 2017 | अदिति सिंह | कांग्रेस |
| 2022 | अदिति सिंह | भाजपा |