रायबरेली

Video: सपा विधायक पल्लवी पटेल के बिगड़े बोल! SP पर भड़कते हुए कहा- मेरा फोन कैसे काटा, आखिर माजरा क्या है?

MLA Pallavi Patel Gets Angry At SP: समाजवादी पार्टी की विधायक पल्लवी पटेल SP पर भड़क गईं। उन्होंने SP पर भड़कते हुए कहा कि मेरा फोन कैसे काटा? जानिए पूरा मामला क्या है?

2 min read
सपा विधायक पल्लवी पटेल के बिगड़े बोल! फोटो सोर्स- Video Grab (X)

MLA Pallavi Patel Gets Angry At SP:उत्तर प्रदेश के सिराथू से समाजवादी पार्टी की विधायक पल्लवी पटेल (Pallavi Patel) रायबरेली पुलिस प्रशासन पर नाराज नजर आईं। एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कार्रवाई ना होने पर उन्होंने जिले के SP से फोन पर सख्ती से बातचीत की। बातचीत के दौरान SP द्वारा कॉल काट देने पर मामले ने तूल पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें

‘उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए’, पीड़िता बोली- दरोगा ने भी की अश्लील बातें, किया गया सस्पेंड

पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचीं गांव

विधायक बुधवार को रायबरेली (Raebareli) के जगतपुर थाना क्षेत्र स्थित छिछोरा गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने मृतक किसान सुरेश पटेल के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। परिवार ने आरोप लगाया कि फर्जी लोन के दबाव और मानसिक प्रताड़ना के कारण सुरेश पटेल की पिछले महीने मौत हो गई थी। विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

फर्जी लोन और मानसिक दबाव का आरोप

मृतक की पत्नी फूलमती ने 16 मार्च को तहसील में एक प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनके पति के साथ पहले लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा किया गया। इसके बाद लगातार दबाव बनाया गया, जिससे वे मानसिक रूप से टूट गए और अंततः उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने FIR तो दर्ज की, लेकिन उसमें केवल BNS की धारा 108 लगाई गई। परिवार का आरोप है कि इतने गंभीर मामले में भी पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी रही।

आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर सवाल

विधायक पल्लवी पटेल ने SP से फोन पर बातचीत के दौरान पूछा कि 16 मार्च से लेकर 15 अप्रैल तक आखिर पुलिस ने क्या कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी गांव का ही रहने वाला है और खुलेआम घूम रहा है, लेकिन अब तक उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। इसके अलावा, पुलिस द्वारा दर्ज की गई क्रॉस FIR पर भी उन्होंने सवाल उठाए। इसमें पीड़ित परिवार के नाबालिग बच्चों तक के नाम शामिल किए गए हैं और करीब 150 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

फोन कॉल के दौरान बढ़ा विवाद

बातचीत के दौरान SP ने कार्रवाई का भरोसा देते हुए 'थैंक्यू' कहकर फोन काट दिया। इस पर विधायक नाराज हो गईं और दोबारा कॉल कर आपत्ति जताई। उन्होंने SP से तमतमाते हुए ने कहा, '' SP साहब मैं आपसे बात कर रही हूं, आपने कैसे थैक्यू बोलकर मेरे फोन को कट कर दिया? इस पर SP ने जवाब दिया की आप अगर चिल्लाएंगी और गुस्सा करेंगी तो ये ठीक नहीं है।''

15 दिन का अल्टीमेटम

आखिरकार SP ने मामले में कार्रवाई के लिए 10 से 15 दिन का समय मांगा। इस पर विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वह खुद SP ऑफिस पहुंचेंगी।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक और SP के बीच हुई तीखी बातचीत सुनी जा सकती है। यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।

ये भी पढ़ें

‘मेरे साथ उसने कई बार रेप किया, मां उसे मत छोड़ना’, पिता के सामने ही लगा दी पीड़ित बेटी ने छलांग
Also Read
View All