रायबरेली

2019 में प्रियंका के चुनाव लड़ने पर सस्पेंस बरकरार, वीडियो में देखें- क्या कहते हैं रायबरेली के कांग्रेसी

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एक बार फिर प्रियंका गांधी वाड्रा के यूपी से लड़ने की चर्चा तेज हो गई है, वीडियो में देखें- क्या बोले रायबरेली के कांग्रेसी नेता
2 min read
priyanka   gandhi vadra
यूथ कांग्रेस की मांग- 2019 में रायबरेली से चुनाव लड़ें प्रियंका, जानकार बोले- अभी उम्मीद नहीं

माधव सिंह
रायबरेली. लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एक बार फिर प्रियंका गांधी वाड्रा के यूपी से लड़ने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो इस बार प्रियंका रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। रायबरेली-अमेठी के कार्यकर्ता भी चाहते हैं कि प्रियंका गांधी अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का साथ दें। रायबरेली यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल वाजपेयी का कहना है प्रियंका गांधी को अब सक्रिय राजनीति में आ जाना चाहिये। उन्होंने प्रियंका के राजनीति में आते ही उन्हें यूथ का भरपूर समर्थन मिलेगा और देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। जिले की राजनीति को करीब से जानने वाले कहते हैं कि 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रिंयका के सक्रिय राजनीति में आने की उम्मीद कम है।

कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं की मानें तो इस बार सोनिया गांधी 2019 लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। हालांकि, रायबरेली कांग्रेस के जिला अध्यक्ष वीके शुक्ला का कहना है कि यूपीए के कुनबे को एक करने के लिए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ही 2019 में कमान संभालेंगी और वह लोकसभा का चुनाव भी लड़ेगी। फिलहाल उनका स्वास्थ्य अभी ठीक है, यह खुद सोनिया गांधी जी का कहना है।

जिले की राजनीति को करीब से जानने वाले कहते हैं कि प्रिंयका वाड्रा गांधी के सक्रिय राजनीति में फिलहाल अभी आने की उम्मीद नहीं है। अगर रायबरेली में प्रियंका गांधी चुनाव में उतरतीं तो अब तक उनकी टीम ने जिले में काम करना चालू कर दिया होता। यहां सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की अपनी अलग-अलग टीम काम करती है। सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी का कहना है कि अभी मेरी मां रायबरेली की सांसद हैं। वह पार्टी के सही और गलत के निर्णय लेने में पूरी तरह सक्षम हैं।

रायबरेली की पार्टी प्रभारी हैं प्रियंका
प्रियंका गांधी रायबरेली में पार्टी की प्रभारी भी हैं। वह पार्टी की सारी गतिविधियों पर अपनी पैनी नजर रखती हैं। साथ ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ हर समय बात करती रहती हैं कि पार्टी में क्या होना है और क्या नहीं, इस पर भी चर्चा होती रहती है।

प्रियंका को लाने की उठ रही मांग
रायबरेली के यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल वाजपेयी का कहना है प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में आ जाना चाहिये। ताकि जब राहुल गांधी पूरे देश का दौरा करें तो वह यूपी को संभालें। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से यूथ को काफी बल मिलेगा और देश में कांग्रेस की सरकार बनना आसान हो जाएगा।

कांग्रेस को एक नई दिशा देंगी प्रियंका
उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के महासचिव मध्य जोन के गोविन्द सिंह का भी मानना है कि प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में आना चाहिये। प्रियंका गांधी के आने से देश में कांग्रेस पार्टी को एक नया बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश की आम जनता प्रियंका गांधी में इदिंरा गांधी की छवि देखती है और चाहती है कि वह अब सक्रिय राजनीति में उतरें। गोविंद सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी पार्टी को एक नई दिशा दे सकती हैं।

देखें वीडियो...

Updated on:
05 Aug 2018 06:49 pm
Published on:
05 Aug 2018 06:27 pm