Raigarh Gang Rape Case: रायगढ़ के कोतरारोड थाना क्षेत्र में महिला ग्राहक से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
Gang Rape Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में कोतरारोड थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ कोतरारोड थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। 5 अप्रैल को पीड़िता ने थाना पहुंचकर महिला पुलिस अधिकारी को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ मेन रोड स्थित दुकान से सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान ऑटो से पहुंचे कुछ युवकों ने उसे अकेला समझकर जबरदस्ती सड़क किनारे स्थित एक दुकान की ओर खींचने का प्रयास किया।
जब पीड़िता के पति ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों में शामिल दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने उसे पकड़कर मारपीट की। इसके बाद अन्य आरोपियों—मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल—ने महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतरारोड थाना में पांच आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
Gang Rape Case: पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों—मुन्ना गिरी (27 वर्ष), देव कुमार उर्फ दीपक सिदार (23 वर्ष), जागेश्वर पटेल (32 वर्ष) और पिंटू निषाद (23 वर्ष)—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिंटू निषाद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (क्रमांक CG 12 AY 5870) भी जब्त किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए जेल दाखिल कर दिया गया है।
वहीं, फरार आरोपी योगेश सिदार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।