
Chhattisgarh News: रविवार शाम सारंगढ़ के एक व्यवसायी दंपत्ति की कार अनियंत्रित होकर नाला में गिर गई और तेज बहाव से गहरे पानी में जाने से पति-पत्नी लापता हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस व रेस्क्यू टीम देर शाम तक तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला है। वहीं आज सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू की। बता दें कि सुबह से टीम शव की खोजबीन में जुटी हुई है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सारंगढ़ थाना क्षेत्र के घोटला बड़े निवासी देवनारायण पटेल पत्नी सविता पटेल के साथ रविवार सुबह किसी व्यवसायिक काम से सारंगढ़ गए थे। दोपहर में मूसलाधार बारिश होने से शाम को दोनों कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे माधोपाली-बांधापाली के बीच बहने वाला लात नाला के पुराने पुल को पार कर रहे थे, तभी पुल पर एक बड़ी लकड़ी होने के कारण उससे बचते हुए आगे निकले तो कार अनियंत्रित होकर नाला में गिर गई। तेज बारिश के कारण नाला में अधिक बहाव होने से कार काफी दूर बह गई।
आस-पास के लोगों ने कुछ देर बाद देखा कि नाला के गहरे पानी में कार तैर रही है तो इसकी सूचना सारंगढ़ पुलिस को दी। इससे पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार कार को बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें सवार देवनारायण पटेल व उनकी पत्नी सविता पटेल का पता नहीं सका। पुलिस का कहना है कि अंधेरा होने व पानी का बहाव तेज होने से तलाश रोकी गई है। सुबह में फिर से खोज बीन की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गोताखोरों की मदद से लापता दंपती की तलाश जारी है।