रायगढ़

CG News: पार्टी के खिलाफ काम करने वाले 4 कांग्रेसी निष्कासित, इधर भाजपा ने भी की कड़ी कार्रवाई… देखें नाम

Raigarh News: रायगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कई कांग्रेसियों ने पार्टी के खिलाफ काम किया है। जिसका असर महापौर और पार्षद प्रत्याशियों पर पड़ेगा।
2 min read
Feb 13, 2025
CG News: पार्टी के खिलाफ काम करने वाले 4 कांग्रेसी निष्कासित, इधर भाजपा ने भी की कड़ी कार्रवाई… देखें नाम

CG News: नगरीय निकाय चुनाव का मतदान हो चुका है। मतदान समाप्त होने के बाद पार्टी विरोधी कार्य करने वाले लोगों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। कांग्रेस ने पूर्व एल्डर मैन व पूर्व पार्षद सहित दो अन्य के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं भाजपा ने भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वाले जिला कार्यसमिति सदस्य के खिलाफ कार्रवाई की है।

नगरीय निकाय चुनाव के बाद भाजपा और कांग्रेस पार्टी विरोधी कार्य करने वाले सदस्य व पदाधिकारियाें को राडर में ले रही है। नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी गतिविधियों में शामिल रहने वाले चार लोगों पर कार्रवाई की है। इसमें कांग्रेस के पूर्व एल्डरमैन राजेश शुक्ला, कांग्रेस टीआई सेल के अनुज पटनायक, पूर्व पार्षद लक्ष्मण महिलाने और पार्टी से बागी होकर चुनाव लड़ने पर राजू मिश्रा पर कार्रवाई की गई है।

कांग्रेस ने इस सभी को पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। सूत्रों की माने तो पूर्व एल्डर मैन राजेश शुक्ला द्वारा निकाय चुनाव में कुछ अन्य वार्डों में पार्टी की नियम के विपरीत गतिविधियों में शामिल रहे। इसी तरह की स्थिति आईटी सेल के अनुज पटनायक की रही।

वहीं पूर्व पार्षद लक्ष्मण महिलाने भी पार्टी गतिविधियों के विपरित कार्य किए। उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण महिलाने इससे पहले भाजपा से पार्षद थे। वे कुछ साल पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। वहीं कांग्रेस ने राजू मिश्रा को भी पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया है। वे नगरीय निकाय चुनाव में निर्दलीय चुनाव लडे़। इसको लेकर कांग्रेस ने यह कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस प्रभारी महामंत्री शाखा यादव ने इसकी जानकारी पीसीसी को भी भेजी है।

भाजपा ने भी की कार्रवाई

पार्टी के विपरित गतिविधियों में शामिल रहने पर भाजपा ने भी कार्रवाई की है। इसमें जिला कार्यसमिति सदस्य जगन्नाथ प्रधान पर कार्रवाई की गई है। वहीं इससे पूर्व भाजपा ने घरघोड़ा की भाजपा नेत्री अंकिता चौधरी पर कार्रवाई की गई है। भाजपा नेत्री के द्वारा पार्टी प्रत्याशी के विपरीत निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में कार्य किया। यह पार्टी की अनुशासनहीनता की श्रेणी में था। इसकी शिकायत जिला पदाधिकारियों से की गई। इसके बाद यह कार्रवाई हुई।

लगातार मिल रही शिकायत

बताया जा रहा है कि कांग्रेस में रहते हुए कई कांग्रेसियों ने पार्टी रीति नीति के विपरीत कार्य किया। इससे नगरीय निकाय चुनाव में उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ। इस बात की शिकायत जिला कांग्रेस कमेटी से लिखित में शिकायत की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पार्टी इसमें जांच कर यह कार्रवाई कर रही है।

Updated on:
13 Feb 2025 12:49 pm
Published on:
13 Feb 2025 12:48 pm