20 लाख रुपए का किया जाना है डामरीकरण व कांक्रीटीकरण
रायगढ़. नगर निगम ने आनन-फानन में बनाए गए सड़क निर्माण के प्रस्ताव में सुधार कर लिया है। ऐसे सड़कों को निर्माण की सूची से हटा दिया गया है, जहां पहले से निर्माण हो चुका था और किसी अन्य मद से निर्माण की स्वीकृति मिल गई थी।
इसके बाद सड़क निर्माण का टेंडर जारी किया गया है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
नगरीय निकाय संचालनालय ने शहरी क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने के लिए अधोसंरचना मद से 31 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इस राशि की पहली किश्त 20 करोड़ रुपए से निर्माण कार्य किया जाना है।
इसमें 1116.38 लाख रुपए से सीसी सड़क निर्माण किया जाना है तो 883.60 लाख रुपए से डामरीकरण का कार्य किया जाना है। नगर निगम ने इसके लिए संचानालय को प्रस्ताव बना कर भेजा था।
इस प्रस्ताव में शहर के कई ऐसे सड़क भी शामिल हो गए थे, जिसका कार्य पूर्व में हो चुका था। वहीं कुछ सड़कों का निर्माण पूर्व में किया जा चुका था। इस बात को लेकर पत्रिका ने अभियान चलाते हुए लगातार खबर प्रकाशित की। लगातार खबर प्रकाशन होने के बाद नगर निगम आयुक्त ने मामले को संज्ञान में लिया।
वहीं जिन सड़कों के कार्य पूर्व में होने व निर्माण के लिए अन्य मद से राशि स्वीकृत होने सड़कों को निर्माण के प्रस्ताव से निरस्त करने की बात कही थी। वहीं इसका निर्देश भी नगर निगम के पीडब्ल्यूडी शाखा के अधिकाकिरयों को दिया। ऐसे में पीडब्ल्यूडी शाखा के अधिकारियों के द्वारा संचालनालय से स्वीकृत प्रस्तावों का अध्ययन किया। इसमें कुछ ऐसे सड़कों के प्रस्ताव भी सामने आए जिनका कार्य पूर्व में स्वीकृत हो चुका था। ऐसे में इन प्रस्तावों को निरस्त किया गया।
इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया की गई। मौजूदा समय में नगर निगम के द्वारा 20 करोड़ के सड़क निर्माण कार्य का टेंडर किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ सड़क के टेंडर ही शेष है, इसे भी एक से दो दिन के भीतर टेंडर कर दिए जाने की बात कही जा रही है।
दो बार हो गई थी स्वीकृत
इसके अलावा सड़क क्रमांक 274 में जोहेल पैलेसे से सतीगुड़ी चौक तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 48.30 लाख राशि स्वीकृत की गई थी। यह सतीगुड़ी चौक से घड़ी चौक, गौशाला चौक, पुरानी पुलिस लाइन कालोनी होते हुए केवड़बाड़ी बस स्टैंड चौक पहुंचती है, जहां जोहेल पैलेस है। इसके लिए निर्माण की राशि स्वीकृत कराई गई।
वहीं प्रस्ताव क्रमांक 313 में घड़ी चौक से केवड़ा बाड़ी तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 15.89 की राशि स्वीकृत कर दी गई थी। इसमें से एक प्रस्ताव को निरस्त किया गया।
उजागर हुई थी खामियां
नगर निगम की ओर से सड़क क्रमांक 272 में केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से मुरारी होटल तक बीटी (डामरीकरण) सड़क के लिए प्रस्ताव बनाया है। इसके निर्माण की लागत 21.40 लाख रुपए है। वहीं इसी बीटी सड़क निर्माण की लिस्ट में 310 नंबर सड़क का उल्लेख है।
इसमें भी केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से मुरारी होटल तक बीटी सड़क निर्माण किए जाना है। इसके लिए भी 21.40 लाख रुपए स्वीकृत है। इसी तरह गांधी चौक से मुरारी होटल तक सड़क निर्माण किया जाना है। इसकी लागत 23.06 लाख रुपए है। यह सड़क गांधी प्रतिमा से सुभाष चौक तक होते हुए मुरारी होटल तक जाती है। इसके बाद भी भी निगम के द्वारा सड़क क्रमांक 290 में सुभाष चौक से गांधी प्रतिमा तक अलग से निर्माण के लिए 1.45 लाख रुपए की स्वीकृति की गई थी। इन खामियों में भी सुधार किया गया है।
डीएमएफ मद से होगा निर्माण
नगर निगम के द्वारा 20 करोड़ की राशि में सर्किट हाउस से उर्दना मार्ग तक की वीआईपी सड़क पर भी डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत की गई थी। खास बात यह है कि यह सड़क पूर्व में डीएमएफ मद से स्वीकृत किया गया था। वहीं डीएमएफ मद से निर्माण के लिए जो प्रस्ताव स्वीकृत किए गए थे वह काफी कम थे। ऐसे में निगम के द्वारा इस मार्ग पर किए जाने वाले निर्माण के प्रस्ताव को भी निरस्त किया गया।
कुछ सड़कों पर त्रृटियां
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए जो प्रस्ताव भेजे गए थे, उसमें कुछ सड़कों पर त्रृटियां थी। ऐसे में इसमें सुधार करते हुए टेंडर किया गया है। अब कुछ ही सड़कों का टेंडर करना शेष है। इसके बाद निर्माण कार्य भी शुरू होंगे।
-आरके भोजसिया, ईई, नगर निगम