-दो महिलाओं ने पीडि़ता के सिर पर र्इंट से किया वार
रायगढ़. जूटमिल चौकी क्षेत्र के बाजीराव महरापारा में मामूली बात पर चार लोगों ने मिलकर एक महिला की खूब पिटाई कर दी। वहीं उसके ऊपर लात-घूसों के अलावा ईंट से भी वार किया गया। जिससे महिला को गंभीर रूप से चोट आई है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया मोनी शेख बाजीराव महरापारा में रहकर फूड मार्केट कोतरारोड में काम करती है। उसका पति आंध्र प्रदेश में काम करता है। वह अपने दो बच्चों के साथ रायगढ़ में रहती है। 06 अक्टूबर की रात्रि 10 बजे प्रार्थिया के भाई का साढू कौशर शराब पीकर मोहल्ले में गाली-गलौज करते हुए चिल्ला रहा था, जिसे देख प्रार्थिया मोनी शेख ने कहा कि तुम्हें तुम्हारी पत्नी दौलत उर्फ रानी बुला रही है। इसके बाद मोनी अपने घर चली गई और खाना खाकर दरवाजा बंद कर सो रही थी। तभी रात्रि करीब 11.30 बजे दौलत उर्फ रानी मोनी के घर का दरवाजा जोर-जोर से खटखटाते हुए उसे बाहर बुलाई।
जब वह बाहर निकली तो दौलत ने उससे कहा कि तुमने मेरे पति से क्या कहा कि जिस पर वह घर आकर झगड़ा कर रहा है कहते हुए मोनी का चुनरी पकड़ कर उसे खींचते हुए मारपीट करने लगी। तभी मौके पर नजराना, परवीन व कौशर आ गए। इसके बाद दौलत, नजराना, परवीन व कौशर चारों मिलकर मोनी को पीटने लगे। इस बीच दौलत व परवीन ने ईंट से भी मोनी के ऊपर वार कर दिया। जिससे उसके सिर, भुजा व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर रूप से चोट आई है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।