-लैलूंगा थाना क्षेत्र के जतरा की घटना - चेहरे को पत्थर से कुचल कर नाले में फेंका महिला का शव
रायगढ़. शनिवार की शाम घर से निकली एक महिला की लाश जंगल स्थित बरसाती नाला में मिली है। बताया जा रहा है अज्ञात आरोपी ने महिला के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया है ताकि उसको कोई पहचान न सके। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है, वहीं अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुट गई है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 35 वर्ष महिला कुमारी यादव अपने तीन बच्चों दो लड़की 18.14 साल क्रमश: व एक लड़का करीब 12 साल तथा अपने पति लच्क्षीराम यादव के साथ लैलूंगा के ग्राम सियारबहार में रहती थी। शनिवार की शाम वह घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। रविवार की सुबह जतरा गांव की 70 वर्षीय महिला अवंरागुड़ी जंगल महुआ बिनने गई थी। उस दौरान वृद्धा ने देखा कि एक महिला का शव बरसाती नाला में पड़ा है। जिसके अगल-बगल ढेर सारे पत्थर और खून के निशान हैं तथा महिला का सिर भी पत्थर से कुचल दिया गया है।
शव को देख वृद्धा डर गई और अपने घर वापस लौट गई। घर पहुंचने के बाद वृद्धा ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। फिर सरपंच को घटना के बारे में सूचित किया गया। इसके बाद गांव के सरपंच व कुछ लोग मौके पर जाकर देखे तो सचमुच महिला का शव पड़ा था। पुलिस को सूचना मिलते शाम 04 बज चुके थे।
चूंकि घटना स्थल लैलूंगा से करीब 20 किमी दूर है तो पुलिस को पहुंचते समय लग गयाए तब तक शाम हो चुकी थी। ऐसे में पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि महिला के चेहरे को पत्थर से कुचला गया है, ताकि उसे कोई पहचान न सके। फिलहाल इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302ए 201 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
ऐसे हुई शिनाख्ती
महिला की शिनाख्ती के लिए पुलिस सोशल मीडिया व अन्य तरीकों से प्रयास कर रही थी, इस बीच महिला के परिजन भी थाने पहुंच गए, जोकि उसकी गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कराने आए थे। जब पुलिस ने उन्हें महिला के कपड़े और आभूषण दिखाए तो महिला की बेटियों ने उसे पहचान लिया। इस प्रकार महिला की शिनाख्ती हुई।
आखिरी बार दिखी थी प्रेमी के साथ
पूछताछ में पुलिस को मृतिका की बड़ी बेटी ने बताया कि आखिरी बार उसने अपनी मां को उसके प्रेमी टिकेश्वर के साथ देखा था, जोकि सियारबहार का ही रहने वाला है। ऐसे में पुलिस सन्न रह गई। धीरे-धीरे पुलिस को मृतिका के परिवार वालों व ग्रामीणों से इस बात की जानकारी हुई कि मृतिका का करीब 08 साल से टिकेश्वर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी मृतिका के ससुराल, मायके पक्ष व पूरे गांव को थी।
जहर खाकर अस्पताल में भर्ती
मामले में नया ट्वीस्ट तब आया जब पुलिस ने टिकेश्वर की खोज खबर लेनी शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को अस्पताल की तहरीर मिली कि टिकेश्वर ने जहर सेवन कर लिया है और वह अस्पताल में बेहोश पड़ा है। मामले की विवेचना कर रहे लैलूंगा थाने में पदस्थ एएसआई भुरेदास का कहना है कि जब तक टिकेश्वर होश में नहीं आ जाता मामले का खुलासा होना संभव नहीं है। जिस प्रकार मृतिका की बड़ी बेटी कह रही है कि आखिरी बार उसने अपनी मां को टिकेश्वर के साथ देखा था तो शंका करना जायज है। साथ ही मामला प्रेम प्रसंग का ही लग रहा है, लेकिन जब तक यह बात स्पष्ट नहीं हो जाता कुछ कहा नहीं जा सकता। फिलहाल पुलिस इस मामले को सुलझाने हर बिन्दु पर जांच कर रही है।