
रायगढ़. रामनवमी व भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर शहर में निकाली गई शोभायात्रा में ऐतिहासिक भीड़ देखने को मिली। ५४ समाज के करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालु, हाथों में झंडा लेकर एक स्वर में झूमते हुए बार बार यहीं दोहराते रहे कि एक ही नारा एक ही नाम, जय श्री राम-जय श्री राम...। शहर के नटवर स्कूल से निकली शोभायात्रा जब सड़क पर आई तो मानों शहर ही थम गया था। इस बीच पुलिस के अधिकारी व जवानों को शोभा यात्रा को सुरक्षित रामलीला मैदान तक पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब एक माह की तैयारियों के बीच रविवार की शाम करीब 4 बजे नटवर स्कूल ग्राउंड से भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा निकाली गई। जिसकी ऐतिहासिक भीड़ को देखकर सबने दांतो तले अंगुलियां दबा ली। रंग-बिरंगे परिधान के साथ महिला, पुरुष व बच्चे जय श्री राम- जय श्री राम के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते गए। शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं की इतनी संख्या थी कि जहां तक नजरें गई, वहां तक हाथों में झंडा लहराते रामभक्त ही नजर आए। 54 समाज के करीब एक लाख से अधिक लोगों ने इस शोभा यात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जो अपने समाज के बैनर व पोशाक के साथ इस शोभा यात्रा में शामिल हुए।
Read More : Photo Gallery : रामनवमीं पर निकाली गई शोभायात्रा, राम-लक्ष्मण व सीता की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
शोभा यात्रा में छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता के साथ हनुमान की मनमोहक वेशभूषा में नजर आए। जिसे जगह-जगह पूजा अर्चना के साथ उनकी आरती की गई। इस बीच शहर के कई संस्था शोभा यात्रा के मार्ग पर खान-पान की व्यवस्था भी की गई थी।
नासिक बैंड ने बांधा समा
रामनवमी पर आयोति शोभा यात्रा में नासिक से एक स्पेशल बैंड को बुलाया गया था। जिसके ४५ पुरुष व १५ महिला सदस्यों ने अपनी बैंड की धुन के बीच सभी रामभक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस बीच महिलाएं खासकर युवतियां अपने आप को नहीं रोक सकी। वहीं झंडे व तलवार के साथ काफी देर तक झूमते हुए नजर आई। इस बीच पारंपरिक कर्मा नृत्य ने भी इस शोभायात्रा में चारचांद लगाने की कवायद की।
पूरे रास्ते में करतब
शोभा यात्रा के दौरान ऐसे करतबाज भी दिखे। जो लाठी भांजने के साथ मुंह से आग फेंकने, शरीर पर ट्यूब लाइट फोडऩे जैसे कई करतब दिखा रहे थे, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इक्ट्ठा हुए थे। इस बीच सुरक्षा को लेकर भी पुलिस के अधिकारी व जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मानो थम गया था शहर
करीब एक लाख से अधिक रामभक्तों के साथ निकाली गई यह शोभा यात्रा, शहर के जिस मार्ग से गुजरी। वहां का नजारा करीब एक से डेढ़ घंटे के लिए थम सा गया। शोभा यात्रा की लंबी कतार व उसमें शामिल लोगों को देख जगह-जगह पर ट्रैफिक के रूट को बदलते हुए पुलिस के अधिकारी व जवान दिखे। पर भीड़ थी कि जो खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। ऐसे में, बाइक सवार को मुहल्ले की गलियों का सहारा लेना पड़ा।
युवाओं में दिखा गजब का उत्साह
रामनवमी पर आयोजित शोभा यात्रा में युवा वर्ग का गजब का उत्साह देखने को मिला। 54 समाज की सहभागिता वाले इस शोभा यात्रा में युवक व युवतियों की संख्या अधिक थी। जो पूरे जोश के साथ शोभा यात्रा में जय श्री राम के नारे के साथ नाचते- गाते, नटवर स्कूल से रामलीला मैदान तक गए। ये नजारा काफी आकर्षक रहा।