- गैस सर्विस के संचालक और भाजपा महामंत्री के खिलाफ दो माह बाद भी खाद्य विभाग दर्ज नहीं करा सकी अपराध
रायगढ़. गैस सिलेंडर आपूर्ति में जानबूझकर कमी करने वाले रायगढ़ गैस सर्विस के संचालक और भाजपा महामंत्री के खिलाफ दो माह बाद भी खाद्य विभाग अपराध दर्ज नहीं करा सकी है। इस मामले को लेकर अब खाद विभाग अपर कलेक्टर के माध्यम से एसपी से चर्चा करेंगे। ताकि संबंधित खिलाफ एफ आईआर दर्ज की कार्रवाई हो सके। खास बात यह है कि पिछले दिनों कलेक्टर शम्मी आबिदी ने रायगढ़ गैस सर्विस के संचालक श्रीकांत सोमवार के खिलाफ एफ आईआर दर्ज कराने निर्देश दिए थे।
शहर के रायगढ़ गैस सर्विस इंडियन आयल गैस एजेंसी का संचालक श्रीकांत सोमवार है। इस एजेंसी में सबसे अधिक उपभोक्ताओं की संख्या है। यहां जितने उपभोक्ताओं की संख्या है उतना गैस सिलेंडर नहीं मंगाया जाता। इससे आए दिन उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थिति यह है कि यहां कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इसके बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पाता। यह स्थिति अधिकांश समय निर्मित होती है। लगातार यह समस्या झेल रहे उपभोक्ताओं का गुस्सा दो माह पूर्व फूटा था। इस गुस्से में उपभोक्ताओं ने पहले तो गैस सिलेंडर आपूर्ति स्थल साप्ताहिक इतवारी बाजार में ही प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। वहीं इसके बाद उपभोक्ता कलेक्टर बंगला पहुंचे। वहीं उपभोक्ताओं ने कलेक्टर बंगला का घेराव करते हुए नारेबाजी की थी। यह प्रदर्शन 2 माह पूर्व सुबह करीब आठ बजे किया गया था। साथ ही कलेक्टर बंगला के सामने सिविल लाइन मार्ग पर चक्काजाम भी कर दिया था।
इस बात की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए प्रदर्शन समाप्त कराया। वहीं यह आश्वासन भी दिया गया था कि इस मामले की जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद ही खाद्य विभाग में मामले की जांच शुरू की। वही जांच में यह बात सामने आई थी संबंधित एजेंसी संचालक जानबूझकर गैस सिलेंडर की कमी करता है। इससे उपभोक्ताओं को सही समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता। मामले की जांच करने के बाद खाद्य विभाग ने रिपोर्ट तैयार की और कलेक्टर के सुपुर्द कर दिया।
इस रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने खाद विभाग को यह निर्देश दिया था कि संबंधित गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ एफ आईआर दर्ज कराया जाए, लेकिन खाद्य विभाग अब तक एफ आईआर दर्ज नहीं करा सकी है। वहीं अब खाद्य विभाग के अधिकारी यह कह रहे हैं कि इस मामले में अपर कलेक्टर के माध्यम से एसपी से चर्चा की जाएगी। इसके बाद संबंधित के खिलाफ एफ आई आर दर्ज करवाया जाएगा।
-मामले को लेकर फूड इंस्पेक्टर से चर्चा हुई है। अब एफ आई आर दर्ज कराने के लिए अपर कलेक्टर के माध्यम से एसपी से चर्चा की जाएगी। ताकि संबंधित के खिलाफ एफ आई आर दर्ज हो सके- जीपी राठिया, जिला खाद्य अधिकारी, रायगढ़