छेड़छाड़ से जग गए दंपती तो आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
रायगढ़. एक महिला का पति शराब के नशे में घर आया और सो गया। तभी मोहल्ले का एक युवक महिला के घर में प्रवेश किया और उसके बगल में सोकर छेडख़ानी करने लगा।
चूंकि महिला का पति नशे में था और महिला को अपने पति के अलावा किसी और के होने का जरा भी ऐहसास न था। जब महिला की नींद खुली तो उसके होश उड़ गए। इधर नशे में चूर पति तो दूसरे तरफ मोहल्ले का एक युवक सो रहा था और महिला के साथ छेडख़ानी कर रहा था। महिला की डांट फटकार सुनकर उसका पति भी जग गया। तब आरोपी ने किसी को कुछ बताने पर दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। पीडि़त दंपती की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
घटना सारंगढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक २७ वर्षीय महिला अपने पति व ससुराल वालों के साथ सारंगढ़ थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहती है।
२९ अप्रैल की रात्रि महिला का पति शराब के नशे में घर आया और अपनी पत्नी के बगल में सो गया। सुबह-सुबह भोर में महिला के बगल में सो कर मोहल्ले का एक युवक उसके साथ छेडख़ानी करने लगा। पहले महिला को लगा कि उसका पति है, ऐसे में उसने ध्यान नहीं दिया। लेकिन छेडख़ानी की हरकत में सुधार नहीं होने पर उसकी नींद खुल गई और उसने उठ कर देखा तो उसके बगल में मोहल्ले का युवक गोपी चौहान २२ वर्ष लेटा जोकि घंटों से महिला के साथ छेडख़ानी कर रहा था।
महिला ने उसे शोर मचाते हुए डांट-फटकार लगाना शुरू किया तो बगल में सोया उसका पति भी जग गया। इसके बाद आरोपी गोपी ने दंपती को किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देने लगा और वहां से भाग गया। पारिवारिक सलाह मशवरा के बाद पीडि़त दंपती ने इसकी शिकायत सारंगढ़ थाने में की है, जहां पुलिस ने आरोपी गोपी चौहान के खिलाफ धारा ३५४, ५०६ के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
पति के नशे में होने की थी जानकारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी को इस बात की पहले से जानकारी दी थी कि महिला का पति नशे में धुत्त है। इस वजह से वह महिला के घर घुसा और छेडख़ानी की घटना को अंजाम दिया। हालांकि महिला की चीख सुनकर भोर में उसका पति जग गया, लेकिन तब तक उसकी पत्नी छेडख़ानी की शिकार हो चुकी थी।