रायगढ़

शहर से उठा कर गांव मेंं बसाया, सुविधा देने की बारी आई तो खड़े कर दिए हाथ

साहेबराम नगर में नहीं है बुनियादी सुविधा

3 min read
Mar 21, 2018
raigarh news in hindi,life of raigarh,raigarh nagar nigam,
साहेबराम नगर में नहीं है बुनियादी सुविधा

रायगढ़. शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निगम ने विस्थापन का नाम देते हुए गांव में शिफ्ट करा दिया। अब जब वहां सुविधा देने की बारी आई तो अधिकारी हाथ खड़े कर रहे हैं। यह स्थिति साहेबराम नगर की है।

यह शहरी क्षेत्र में नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में आता है। इस कालोनी मेें निगम ने कई परिवारों को शिफ्ट किया है, लेकिन वहां बुनियादी सुविधा नहीं दे रहा है। मौजूदा समय में उक्त कालोनी में पानी की काफी समस्या है। इस समस्या को लेकर लोग निगम अधिकारियों के कई चक्कर काट चुके हैं, लेकिन निगम के अधिकारी आश्वासन के अलावा वहां सुविधा नहीं दे रहे हैं।


चार साल पहले जिला जेल के विस्तार करने के समय जेल पारा मोहल्ला में रहने वाले लोगों को हटाया गया। इससे उक्त मोहल्ला में रहने वाले कई परिवार प्रभावित हुए। ऐसे में निगम के अधिकारियों ने प्रभावित होने वाले उन परिवारों को विस्थापन के तहत शहरी क्षेत्र से हटाते हुए साहेबराम नगर कालोनी में शिफ्ट किया गया। यह क्षेत्र ग्राम पंचायत क्षेत्र में है।

तात्कालीन समय में उक्त कालोनी में सुविधा का अभाव था। ऐसे में क्षेत्र के लोगों ने निगम के अधिकारियों से सुविधा देने की मांग की। इस समय निगम के द्वारा पेयजल की व्यवस्था कराई गई थी। वहीं यह आश्वासन दिया गया

था कि सुविधाओं को और बढ़ाते हुए लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी, लेकिन यह सुविधा बढऩे के बजाए घट गया।

निगम के अधिकारियों ने जो पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई थी वह अस्थायी तौर पर थी। ऐसे में कालोनी में रहने वाले लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी।

इसके अलावा इस कालोनी की सबसे बड़ी समस्या सफाई की भी है। यहां इस तरह की स्थिति बनी हुई है कि निगम के सफाई कर्मचारी यहां कभी-कभी ही पहुंचते हैं। वहीं मौजूदा समय में यहा पानी की काफी समस्या है। बताया जा रहा है कि चार मंजिला इस कालोनी के भू-तल पर पानी बड़ी मुश्किल से मिल रहा है। वहीं दूसरे, तीसरे और चौथे मंजिल पर पानी पहुंच ही नहीं रहा है। इस समस्या को दूरे करने लोगों ने निगम के अधिकारियों से मांग की है, लेकिन अब तक यहां की अव्यवस्था दूर नहीं की जा सकी।


मिलता है आश्वासन
यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि कालोनी की अव्यवस्था को दूर करने की बात को लेकर यहां के लोग नगर निगम पहुंचे थे। वहीं अधिकारियों से मुलाकात कर कालोनी की अव्यवस्था की जानकारी देकर इससे होने वाली परेशानी को बताया। इस समय अधिकारियों का रटारटाया जवाब था कि संबंधित स्थान की अव्यवस्था को दूर किया जाएगा, लेकिन अब तक साहेबराम नगर की अव्यवस्था दूर नहीं की जा सकी।


सड़क की स्थिति भी खराब
लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दिनों में होती है। इसके पीछे कारण यह है कि कालोनी तक जाने के लिए निगम के द्वारा सड़क नहीं बनाया गया है। ऐसे में कालोनी तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो जाता है। पिछले बारिश में लोगों को काफी परेशानी हुई। इस समय भी लोगों ने निगम के अधिकारियों से सड़क बनाए जाने की मांग की थी, लेकिन यह मांग पूरी नहीं हो सकी।


अभी समस्या जस की तस
यहां जाने के बाद सबसे पहले लोगों को टूटी खिड़की और दरवाजे का सामना करना पड़ा। इसके अलावा अधिकांश मकानों में सीपेज और कालोनी में पानी नहीं होने की समस्या थी। इन समस्याओं को दूर करने के लिए निगम अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो लोगों को सिर्फ आश्वासन ही मिला। निगम अधिकारियों की इस उदासीनता को देख लोगों ने स्वयं रुपए खर्च करते हुए मकानों को दुरुस्त कराया। अभी भी इस कालोनी में सीपेज की समस्या समाप्त नहीं हो सकी।

पानी व सफाई की समस्या
साहेबराम नगर कालोनी में पानी व सफाई की समस्या है। इस समस्या को लेकर दूर करने की मांग लोगों द्वारा निगम के अधिकारियों से की गई है। वहीं मेरे द्वारा भी अधिकारियों को यहां की समस्या की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या जस की तस है।
-संदीप क्षत्रिय, पार्षद

Published on:
21 Mar 2018 07:58 pm