
रायपुर@हिमांशु शर्मा। Chhattisgarh Train Cancel: रेल सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बार फिर परेशानी भरी खबर है। बिलासपुर रेल मंडल के निपनिया-भाटापारा सेक्शन में अंडरब्रिज निर्माण के तहत रिलीविंग गर्डर डी-लॉन्चिंग का महत्वपूर्ण कार्य किया जाना है। इसके लिए रेलवे प्रशासन लेवल क्रॉसिंग संख्या 380 पर ट्रैफिक-सह पावर ब्लॉक लेगा, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 3 ट्रेनों को बीच स्टेशन में ही समाप्त किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
बता दें कि 25 जून से 29 जून 2026 के बीच रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी रूट की रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहेंगी। इस दौरान 10 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि 3 ट्रेनों को बिलासपुर में ही शॉर्ट टर्मिनेट (आंशिक रूप से रद्द) किया गया है।
वहीं झांसी मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बीना सेक्शन के बीच ललितपुर स्टेशन में यार्ड रिमाडलिंग का कार्य किया जाएगा। जिसके चलते गाड़ी 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया था, जिसे संशोधित किया गया है। अब उक्त तिथियों में (16 से 19 जुलाई तक) गाड़ी 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस व्हाया मथुरा-बयाना-कोटा-नागदा-संत हिरदाराम नगर-भोपाल मार्ग होकर बिलासपुर आएगी।