
Raipur Child Kidnapping: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 14 महीने के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कलिंग नगर में एक महिला के घर में घुसकर उसके मासूम बेटे को जबरन ले जाने का आरोप पड़ोस में रहने वाले उसके पूर्व प्रेमी पर लगा है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और बच्चे को नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी पवन साहू को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने 22 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर की दूसरी मंजिल पर रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका 14 महीने का बेटा पृथ्वी ध्रुव पास में खेल रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाला पवन साहू लोहे की पाइप लेकर घर के अंदर पहुंच गया।
आरोप है कि पवन ने महिला से अपने साथ चलने के लिए कहा। महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की। इसके बाद वह बच्चे को अपने साथ ले जाने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने लोहे की पाइप से मारने और जान से खत्म करने की धमकी दी। इसके बाद वह बच्चे को लेकर घर से निकल गया।
महिला ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह गली में नहीं मिला। इसके बाद उसने अपने पति को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में महिला ने पुलिस को बताया कि पवन साहू उनके पड़ोस में रहता था और दोनों की करीब एक साल से पहचान थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध भी बने थे। महिला के अनुसार, अगस्त में वह अपने छोटे बेटे के साथ पवन के साथ नागपुर गई थी। वहां वह करीब 20 दिनों तक पवन की नानी के घर रही।
बाद में रिश्तेदारों के बुलाने पर महिला रायपुर लौट आई और अपने पति के साथ रहने लगी। पिछले करीब एक महीने से वह अपने पति और दोनों बच्चों के साथ कलिंग नगर स्थित घर में रह रही थी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज से आरोपी के नागपुर की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर आरोपी का पता लगाया। पुलिस टीम ने नागपुर पहुंचकर पवन साहू को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बाद में मासूम को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।