CG Budget 2026: छत्तीसगढ़ के 2026-27 के ‘संकल्प’ बजट में 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने निवेश, रोजगार और MSME को बढ़ावा देने के लिए बड़े प्रावधान किए।
CG Budget 2026: छत्तीसगढ़ की आर्थिक दिशा तय करने वाला वित्त वर्ष 2026-27 का बजट आज विधानसभा में पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट सदन में प्रस्तुत किया। इस बार बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई है और कुल बजट आकार 1.72 लाख करोड़ रुपए निर्धारित किया गया है।
वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में प्रदेश में 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा की गई है। इस पहल का उद्देश्य निवेश को आकर्षित करना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना और औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
विधानसभा में बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य को विनिर्माण और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों में सड़क, बिजली, पानी, लॉजिस्टिक्स और कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर की बेहतर व्यवस्था की जाएगी, ताकि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) को बढ़ावा मिल सके।
सरकार का मानना है कि नए औद्योगिक पार्क स्थापित होने से प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर होगा और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया गया है, ताकि क्षेत्रीय संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इसके साथ ही सरकार ने औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहन देने, स्टार्टअप्स को समर्थन और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न योजनाओं का संकेत दिया है। राज्य में औद्योगिक आधार मजबूत करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बजट में शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता दी गई है। अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो नई एजुकेशन सिटी स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान रखा गया है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
महिला सशक्तिकरण को मजबूती देते हुए सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 70 लाख महिलाओं को 14 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जाने की जानकारी दी। नए बजट में इस योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना और महतारी सदन के लिए 275 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
बालिकाओं के जन्म पर ‘दुर्गावती योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में 5 नई आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 42 करोड़, आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दवाओं की गुणवत्ता जांच हेतु 25 करोड़ रुपये की लागत से लैब स्थापित की जाएगी। रायपुर में नया होम्योपैथी कॉलेज भी खोला जाएगा।
बजट में बस्तर और सरगुजा अंचल के विकास को प्राथमिकता दी गई है। इंटरनेट सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और 70 नई बस सेवाओं के संचालन के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे पॉलिसी हेतु 10 करोड़ और मैनपाट पर्यटन विकास के लिए 5 करोड़ रुपये रखे गए हैं। कृषि और रोजगार सृजन के लिए निवेशकों को 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के लिए 50 करोड़ रुपये और विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की भी घोषणा की गई है।
सड़क और नगरीय विकास कार्यों में भी उल्लेखनीय राशि आवंटित की गई है। नारायणपुर-जटलूर मार्ग के लिए 28 करोड़, दंतेवाड़ा के लिए 9 करोड़, सुकमा के लिए 7 करोड़, बलरामपुर के लिए 10 करोड़ तथा इंद्रावती क्षेत्र में 68 किलोमीटर नगर निर्माण के लिए 2024 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कांकेर बैराज परियोजना के लिए 400 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। बस्तर विकास प्राधिकरण को 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।