रायपुर

Chhattisgarh Weather Update: फिर एक्टिव हुआ मानसून, अगले 24 घंटे भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में चेतावनी

Rain Alert: मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, अगले दो दिनों में प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां और तेज होने के संकेत दिए गए है।
2 min read
Aug 03, 2026
heavy rain alert
rain alert (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटे में कैसी रही बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य स्थिति में बनी हुई है, हालांकि औसत से करीब 5 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

सबसे अधिक 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दोरनापाल, बिलाईगढ़ और जगरगुंडा में दर्ज की गई। वहीं कटेकल्याण और सुकमा में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रारोड प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में गरज-चमक और तेज हवा का अलर्ट

मौसम विभाग के नाउकास्ट बुलेटिन के अनुसार सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना है। वहीं रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

अगले दो दिन और बढ़ेगी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। गरज-चमक के दौरान बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Updated on:
03 Aug 2026 07:37 am
Published on:
03 Aug 2026 07:37 am
Also Read
View All