
रायपुर. राजधानी के लालपुर इलाके में रविवार को धर्मांतरण कराने की शिकायत पुलिस तक पहुंची। एक अर्धनिर्मित मकान में चल रहे आयोजन में राजेंद्रनगर थाना पुलिस पहुंची तो 300 लोगों को हाथ में बाइबिल थमाकर उनसे प्रार्थना कराई जा रही थी।
प्रार्थना सभा में राजधानी व बाहर के गांव के छोटे-छोटे बच्चों के साथ महिलाएं और पुरुष पहुंचे थे। उन्हें यह कह कर बुलाया गया था कि प्रार्थना कराई जा रही थी और उनसे कहा जा रहा था कि अगर आप प्रभु यीशु के शरण में आते हैं तो आपकी सभी तकलीफ है, वो दूर होंगी।
राजेंद्र नगर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता श्याम चावला की शिकायत पर प्रार्थना कराने वाले पास्टर और 15 लोगों का बयान दर्ज किया। जिसमें किसी ने भी धर्मांतरण करवाने की बात को नहीं स्वीकारी। इसलिए किसी पर भी मामला दर्ज नहीं किया गया। पुलिस के साथ मौके पर बजरंग दल और भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे थे।
यह दिया बयान
पुलिस ने खरोरा निवासी एक महिला का बायान दर्ज किया तो उसने बताया कि उसके पति को कैंसर है। किसी ने उसे बातया था कि प्रार्थना से सभी बीमारियां ठीक हो जाएगी। इसके बाद से वह तकरीबन पाच वर्षों से प्रार्थना सभा में आ रही है। इसी तरह टाटीबंध निवासी एक महिला ने अपने बयान में बताया उसके पति को शराब की लत है जिससे घर बरबाद होता जा रहा है। उसे भी बताया गया कि प्रार्थाना में आने से गृहक्लेश समाप्त हो जाएगा।
शिकायत के बाद पुलिस टीम मौके पर गई थी जहां पर लोगों ने स्वेच्छा से प्रार्थना सभा में आना बताया। इसलिए किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया गया है।
कृष्णा जांगड़े, सब इंस्पेक्टर, राजेंद्र नगर थाना, रायपुर