
रायपुर . कहते हैं मां की आंचल में जितना सुकून एक बेटे को मिलता है। शायद उतना सुकून कहीं नहीं मिलता। बेटा मां की आंखों का नूर होता है। जिस बेटे को जरा-सी तकलीफ हो उसे देख मां का दिल पिघल जाता है। आज उसी मां की आंखों का नूर सुजात इतना दूर चला गया, जहां से कोई लौट कर नहीं आता।
कोई मां अपने बेटे को इस अवस्था में देखकर बर्दाश्त नहीं कर सकती। जिस बेटे को सीने से लगाकर कई महीनों तक दूध पिलाया। वहीं बेटा आज उसके सामने बेसुध पड़ा था। पास बैठी मां अपनी आंखें बंद कर पत्थर की बुत सी बनी थी। पास में खड़े सुजात के पिता अपने बेटे के शव को देखने तक ही हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। हो भी कैसे? बाप के कंधे पर बेटे का जनाजा से बड़ा दुख इस संसार में नहीं।
दरअसल, शनिवार को एक हादसे ने सुजीत सहित चार परिवारों की खुशियां मातम में बदल दी। रायपुर के नजदीक ग्राम काठाडीह में एक दर्दनाक हादसे में चार परिवारों के चिराग बुझ गए। चारों युवक नहाने के लिए खारुन के एनीकट गए हुए थे। खारून नदी के सातपाखर एनीकट में डूबने से बैरन बाजार का रहने वाला सुजात नकवी (17) के साथ उनके तीन और दोस्तों की मौत हो गई। इसमें सुजात नकवी (17) निवासी बैरनबाजार, शुभम सिन्हा (21) निवासी (अमलीडीह), शाहरूख (22) निवासी प्रियदर्शनी नगर और क्षितिज सिंह (17) निवासी प्रियदर्शनी नगर हैं।
रविवार को मृतक सुजात के घर लोगों की भारी भीड़ थी। जब जनाजा उठा तो परिजनों के चीत्कार वाली दृश्य को देखकर सभी की आंखों में आंसू आ गए। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटे के शव को देखकर मां बार-बार बेसुध हो जाती और बोलती वह उसे छोड़कर नहीं जा सकता। जब शव को सुपुर्द ए खाक के लिए ले जाने लगे तो मां बोली मेरे बेटे को मत ले जाओ। पिता भी इकलौते बेटे की मौत का गम छिपाए नहीं छिपा पा रहे थे। उन्होंने अपने आप को बहुत संभालते हुए कहा - अल्लाह एेसा दिन किसी मां-बाप को न दिखाए। इस हादसे से पूरा मोहल्ला गमजदा था।
एेसा ही दिल को दहला देने वाला नजारा हादसे में अन्य तीन मृतकों के घरों में भी था। मृतकों के परिजनों का कलेजा फट गया। हर घर में मातम सा माहौल था। इस दर्दनाक घटना से कई घरों में चूल्हे नहीं जले। हर शख्स की आंखों में आंसू थे।