
रायपुर . छत्तीसगढ़ की राजधानी में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इकलौते बेटे की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी नहीं सुलझी। इसकी चिंता में पिता ने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का दावा है कि मृतक किसी शारीरिक बीमारी से ग्रसित था, लेकिन जानकारों के मुताबिक अपने बेटे की मौत का खुलासा नहीं होने से वह खासे परेशान और चिंतित रहते थे।
दरअसल, यह मामला राजधानी के बजाज कॉलोनी का है। पुलिस के मुताबिक बजाज कॉलोनी निवासी राजेश बजाज (45) ने रविवार को सुबह करीब 11 बजे अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय उसकी पत्नी, बेटी व अन्य लोग सत्संग सुनने गए थे। शाम को लौटे, तब इसका खुलासा हुआ। राजेंद्र नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने हत्या होना बताया था
राहुल के पिता राजेश और अन्य लोग इसे हत्या का मामला मानते थे। राजेश ने कई बार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से राहुल की हत्या होना बताते हुए जांच की मांग की थी। साथ ही घटना के समय मौजूद उसके चार दोस्तों की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उल्लेखनीय है कि राहुल का दो युवतियों से विवाद चल रहा था।
घटना के एक दिन पहले दोनों युवतियां उसके घर भी गई थी। इसके बाद उसकी मौत हो गई थी। राहुल की मौत की खबर उसके दोस्तों ने पहले पुलिस को नहीं दी, बल्कि उसके परिजनों को दी और उन्हें राजेंद्र नगर से मोमिनपारा लाने गए थे। साथ ही एंबुलेंस को भी सूचना नहीं दी थी।
गोली कैसे लगी? आज तक नहीं हुआ खुलासा
राजेश का बेटा राहुल बजाज मोबाइल दुकान में काम करता था। अप्रैल 2017 में मोमिनपारा में आधी रात को उसका शव मिला। उसके एक हाथ में पिस्टल रखा हुआ था। घटना के वक्त उसके चार दोस्त मौजूद थे। उसके दोस्तों और पुलिस का दावा था कि उसने पिस्टल से खुद की कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। घटना स्थल के सामने लगे सीसीटीवी फुटेज में मृतक को आते-जाते सहित अन्य घटनाक्रम मिले हैं, लेकिन खुद को गोली मारने या दूसरे के द्वारा मारने वाला फुटेज गायब है। इसे सीसीटीवी कैमरे में तकनीकी फॉल्ट बताया गया था।