
रायपुर. दूसरों का फर्जीवाड़ा और रिश्वतखोरी पकडऩे वाली एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) में भी फर्जीवाड़ा चल रहा है। विभाग में फर्जी बिल लगाकर मेडिकल क्लेम लेने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने एसीबी के स्टेनो को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक स्टेनो टाइपिस्ट सुरेंद्र बंसल ने वर्ष 2011-12 से लेकर 2017-18 तक खुद को गंभीर रूप से बीमार होने और उसका उपचार कराने की जानकारी विभाग को दी। इसके बाद चिकित्सा प्रतिपूर्ति का दावा करते हुए तीन साल का अलग-अलग 4 लाख 98 हजार 246 रुपए का बिल पेश किया। विभाग ने यह राशि स्वीकृत कर दी। सुरेंद्र ने इसका आहरण भी कर लिया।
इसके बाद वर्ष 2014-15, 2015-16, 2016-17 और वर्ष 2017-18 में फिर 1 लाख 29 हजार 416 रुपए का बिल पेश किया। इस दौरान अधिकांश बिल दो मेडिकल दुकान के ही थे। इसकी जांच शुरू की गई। इसके बाद बिल का भुगतान रोक दिया गया। बिल भुगतान रुकने पर सुरेंद्र ने न्यायालय में परिवाद दायर किया।
न्यायालय ने जांच के बाद भुगतान करने का निर्देश दिया। एसीबी की टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सुरेंद्र ने मेडिकल दुकान संचालकों के साथ मिलकर कई फर्जी बिल बनाए हैं और उनके आधार पर विभाग से राशि भुगतान कराया है।
जांच में 1 लाख 29 हजार 416 रुपए के बिल में से 58 हजार 908 रुपए के बिल फर्जी तरीके से बनवाए गए हैं। इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई। पुलिस ने सुरेंद्र के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया।