पुलिस की बेल्ट से बुजुर्ग दंपती की पिटाई करने वाला सांसद पुत्र को किया गिरफ्तार, और फिर तुरंत कर दिया रिहा
अंबिकापुर. भाजपा सांसद कमलभान सिंह के बेटे व लखनपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने अपने साथियों के साथ सोमवार को बुजुर्ग दंपती की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार देररात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में आरोपी को थाने से ही निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। बुजुर्ग दंपती के बेटे ने सांसद के गांव में नल-जल योजना से संबंधित खबर का प्रकाशन एक अखबार में कराया था। इसके बाद बौखलाए सांसद पुत्र व उसके साथियों ने गृहग्राम जमगला के पास ही महुआटिकरा में उसके मां-बाप की बाप की पिटाई कर दी थी। अखबार के प्रतिनिधि की मां के सिर में 3 टांके लगे थे। इस मामले में पुलिस ने मामूली मारपीट का मामला दर्ज किया था। बाद में मामले के तूल पकडऩे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मंगलवार की रात करीब 12 बजे पुलिस ने सांसद पुत्र व उसके एक साथी को गिरफ्तार किया। मामले को लेकर पत्रकारों सहित विभिन्न राजनीतिक दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने एसपी व कलक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौपा।
कलक्टर बोलीं- लोकतंत्र पर हमला : पत्रकारों से बातचीत के दौरान कलक्टर किरण कौशल ने कहा कि पत्रकारों पर हमला सीधे लोकतंत्र पर हमला है। इस मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जाएगी।
फिर वह सांसद का पुत्र हो या मंत्री का। एसपी सदानंद कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। अपराध की प्रवृत्ति को देखते हुए कार्रवाई की जाएगी। सांसद पुत्र के पास पुलिस का बक्कल कहां से आया, इसकी गम्भीरता से जांच कराई जा रही है।
सांसद कमलभान सिंह के पुत्र ने सोमवार की दोपहर अपने गांव जंगल में एक युवक के घर में दिन दहाड़े घुसकर उसके बुजुर्ग माता पिता की पुलिस की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की। दो महीने पहले भी सांसद पुत्र एक भाजपा नेता की पिटाई करने विश्रामपुर पंहुचा था।
जानकारी के अनुसार ग्राम जगमला निवासी राजेश गुप्ता, जो किराने की दुकान संचालित करता है। उसने तीन मई को ग्रामीणों के कहने पर नल- जल योजना की खबर प्रकाशित करवाई थी। खबर में लिखा गया था की अब तक गांव के लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।