रायपुर. पुलिस परिवारों के आंदोलन के बाद अब प्रदेश में पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने के लिए कवायद शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पहल पर डीजीपी ए.एन. उपाध्याय ने साप्ताहिक अवकाश दिए जाने का प्रस्ताव मंगवाया है। साथ ही उन्होंने सभी एसपी और आइजी को दरबार लगाकर पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साप्ताहिक अवकाश समेत विभिन्न मांगों को लेकर पुलिसवालों के परिजनों ने 25 जून को राजधानी में बड़ा प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से पुलिसकर्मियों के परिजन शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन के बाद सरकार और पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुलझाने के लिए कवायद शुरू की। इसके तहत आइजी और एसपी अब दरबार लगाकर सुनवाई करेंगे। साथ ही पुलिसकर्मियों की विभिन्न परेशानियों को दूर करने के लिए उनसे आवेदन भी लेंगे।