रायपुर

AI को डॉक्टर मानकर खा रहे मल्टीविटामिन, पेट दर्द-दस्त से अस्पताल पहुंच रहे लोग, सामने आए चौंकाने वाले केस

Multivitamin Overdose: AI को डॉक्टर मानकर अपनी मर्जी से मल्टीविटामिन खाना लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। बिना जरूरत और तय मात्रा से ज्यादा विटामिन की गोलियां लेने से लोग पेट दर्द, दस्त और किडनी संबंधी समस्याओं का शिकार हो रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 2:30 PM IST
Vitamin Supplement Side Effects
AI को डॉक्टर मानकर खा रहे मल्टीविटामिन (फोटो सोर्स- gemini)

रायपुर@पीलूराम साहू। AI Doctor: मर्जी से मल्टीविटामिन खाना व ओवरडोज से कई लोग पेट दर्द के साथ दस्त का शिकार हो रहे हैं। समस्या आने पर जब वे अस्पताल पहुंचते हैं, तब इसका खुलासा हो रहा है। ज्यादातर लोग डॉक्टर की राय लेने के बजाय एआई को डॉक्टर मानकर अपनी मर्जी से मल्टीविटामिन ले रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार पौष्टिक भोजन करने से विटामिन व मिनरल की पूर्ति शरीर में हो जाती है। कम मौकों पर मल्टीविटामिन खाने की जरूरत पड़ती है। लोग धड़ल्ले से इसे खा रहे हैं और बीमार पड़ रहे हैं।

आंबेडकर अस्पताल, एम्स तथा निजी अस्पतालों में मल्टीविटामिन के ओवरडोज से बीमार इस तरह के मरीज आने लगे हैं। डॉक्टरों के अनुसार विटामिन ए की अधिकता से सिरदर्द, उल्टी, चक्कर आना व स्किन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। विटामिन डी की अधिकता से ब्लड में कैल्शियम का लेवल बढ़ सकता है। यही नहीं किडनी व हड्डी संबंधी परेशानी हो सकती हैं। विटामिन ई की अधिकता से रक्तस्राव हो सकता है।

प्रदेश में हर माह 25 करोड़ की दवा गटक रहे लोग

राजधानी में समेत प्रदेश में लोग हर माह 25 करोड़ का मल्टीविटामिन गटक रहे हैं। डॉक्टराें व दवा कारोबारियों के अनुसार सप्लीमेंट लेने का ट्रेंड कुछ सालों में बढ़ा है। लोग मर्जी से खा ही रहे हैं, वहीं कई डॉक्टर कमीशन के चक्कर में हर बीमारी में ये दवाएं लिख रहे हैं। यही नहीं जेनेरिक व ब्रांडेड में इन दवाओं की कीमत में भारी अंतर है। रेडक्रास मेडिकल स्टोर में 150 एमआरपी वाली दवा को 15 रुपए में बेचा जा रहा है। वहीं दूसरे मेडिकल स्टोर में इसे एमआरपी पर बेची जा रही है। धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स में भी खूब मुनाफाखोरी हो रही है।

सप्लीमेंट्री की अधिकता से ये बीमारियां होने की आशंका

  • आयरन की अधिकता से शरीर में आयरन ओवरलोड हो सकता है। इससे अंगों की क्षति हो सकती है।
  • कैल्शियम की अधिकता से किडनी की पथरी व हड्डियों में समस्याएं हो सकती हैं।
  • कॉपर की अधिकता से लिवर की समस्याएं व न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं।

केस-1: 28 वर्षीय व्यक्ति की आंख की रोशनी कम होने लगी। वह अपनी मर्जी से विटामिन ए का डोज लेने लगा। बाद में सिरदर्द, उल्टी व चक्कर की समस्या होने लगी। डॉक्टर को दिखाने के बाद जरूरी जांच में पता चला कि यह विटामिन सप्लीमेंट्री के ओवरडोज का परिणाम है। सप्लीमेंट्री तत्काल बंद करने को कहा गया।

केस-2: 52 वर्षीय व्यक्ति को जोड़ों में दर्द होने लगा। ऑर्थो डॉक्टर ने रिपोर्ट के बाद विटामिन डी कैप्सूल खाने की सलाह दी। डॉक्टर एक सप्ताह में एक कैप्सूल लेने कहा था, केवल 5 बार, लेकिन वह दो से तीन माह नियमित लेने लगा। बाद में इन्हें किडनी में समस्या आने लगी। डॉक्टरों ने विटामिन डी तत्काल बंद करने कहा।

टॉपिक एक्सपर्ट

डॉ. कृष्णकांत साहू, सीनियर कार्डियक सर्जन के मुताबिक, अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन व जांस हॉपकिंस मेडिसिन के अनुसार मल्टीविटामिन हार्ट रोग, दिल के दौरे या स्ट्रोक से बचाव नहीं करते हैं। यह संतुलित आहार या डॉक्टर के इलाज का विकल्प नहीं हैं। इसलिए मर्जी से सप्लीमेंट्री न लें तो सेहत के लिए बेहतर है। ओवरडोज से दस्त व पेट दर्द के केस आ रहे हैं। पहले से हार्ट संबंधी बीमारी है या नियमित दवाएं खाते हैं, तो बिना डॉक्टर पूछे कोई भी सप्लीमेंट न लें।

डॉ. जोगेश बिशनदासानी, कार्डियोलॉजिस्ट के अनुसार, विटामिन डी या कैल्शियम की ओवरडोज से हार्ट की गति में अनियमितता व हाइपरटेंशन हो सकता है। यदि पहले से हार्ट की दवाएं जैसे ब्लड थिनर या बीपी की दवा ले रहे हैं, तो कुछ सप्लीमेंट्स उनके असर को कम कर सकते हैं या साइड इफेक्ट्स बढ़ा सकते हैं। कुछ खास परिस्थितियों में अधिक मात्रा में कैल्शियम सप्लीमेंट लेने से हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ सकता है।

अस्पतालों में टैबलेट का रंग उड़ा, शिकायत के बाद रोकी सप्लाई

तीन साल पहले सीजीएमएससी से सप्लाई मल्टीविटामिन टैबलेट का रंग उड़ रहा था। यही नहीं स्ट्रिप से निकालते समय टैबलेट टूट भी रही थी। मरीजों की शिकायतों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सीजीएमएससी से शिकायत की थी। इसके बाद दवा का स्टॉक वापस मंगाया गया था।

Updated on:
20 Nov 2026, 2:30 PM IST
Published on: