18 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पत्रिका एक्सकलूसिव: कब जागेंगे जिम्मेदार? छत्तीसगढ़ के बड़े अस्पतालों में मेनोपॉज क्लीनिक नहीं, 34 लाख महिलाएं परेशान

Chhattisgarh Health News: छत्तीसगढ़ में 34 लाख से अधिक 45 वर्ष से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए सरकारी अस्पतालों में मेनोपॉज की अलग ओपीडी या डेडिकेटेड क्लीनिक नहीं है।
3 min read
Google source verification

रायपुर

•

image

Khyati Parihar

•

image

पीलूराम साहू

•

Oct 18, 2026

Chhattisgarh News

मेनोपॉज के लिए अलग ओपीडी नहीं (फोटो सोर्स- AI)

रायपुर@पीलूराम साहू। Menopause Clinic: प्रदेश की 34 लाख से अधिक 45 प्लस महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ी कमी सामने आई है। प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल में इनके लिए एक भी 'डेडिकेटेड मेनोपॉज क्लीनिक' संचालित नहीं है। राजधानी के पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध आंबेडकर अस्पताल, एम्स, सिम्स बिलासपुर और जगदलपुर मेडिकल कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थानों में भी मेनोपॉज के लिए अलग से कोई बोर्ड या क्लीनिक उपलब्ध नहीं है। महिलाओं को सामान्य स्त्री रोग (गाइनी) विभाग की ओपीडी में ही लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है।

डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के गायनी विभाग के डॉक्टरों के अनुसार, हर हफ्ते 15 से 20 महिलाएं हॉट फ्लश, रात में अत्यधिक पसीना आना, नींद न आना, जोड़ों का दर्द, मूड स्विंग और थकान की शिकायतें लेकर आती हैं। इनमें से अधिकांश महिलाएं 2 से 3 साल तक लक्षण सहने के बाद डॉक्टर के पास पहुंचती हैं, क्योंकि वे इसे सामान्य उम्र का असर मान लेती हैं।

हर साल 18 अक्टूबर को विश्व मेनोपॉज दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम 'मिडलाइफ में क्रॉनिक पेन' है, जिसका मकसद मेनोपॉज को बीमारी नहीं बल्कि जीवन के एक सहज चरण के रूप में देखना है। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं मुख्य रूप से मातृ व शिशु स्वास्थ्य पर केंद्रित हैं, जहां मितानिन मॉडल देश भर में सराहा जाता है। लेकिन 70 हजार से अधिक मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण मॉड्यूल में मेनोपॉज और मिडलाइफ महिलाओं की काउंसलिंग के लिए कोई अध्याय शामिल नहीं है।

अनदेखी का दर्द

केस-1: रायपुर की 52 वर्षीय शिक्षिका पिछले दो साल से घुटनों के दर्द और रात में नींद टूटने से परेशान थीं। वे इसे काम का तनाव मानती रहीं। जब डॉक्टर को दिखाया, तब पता चला कि यह मेनोपॉज से जुड़ा है। सही जानकारी और इलाज के बाद अब वे स्वस्थ हैं।

केस-2: रायपुर की 50 वर्षीय गृहिणी को चीजें रखकर भूलने की समस्या (ब्रेन फॉग) हो गई थी। चाबी कहां रखी या क्या बोलना है, ध्यान नहीं रहता था। डॉक्टर को दिखाने पर मेनोपॉज की वजह सामने आई और इलाज से स्थिति में सुधार हुआ।

तीन स्तरों पर मेनोपॉज के लक्षण व खतरे

  • तुरंत दिखने वाले लक्षण: दिन में 10-15 बार अचानक पसीना व गर्मी महसूस होना (हॉट फ्लश), रात को नींद न आना, छोटी-छोटी बात पर चिड़चिड़ापन व उदासी और बिना काम किए थकान।
  • शरीर में धीरे-धीरे होने वाले बदलाव: सुबह उठते ही घुटने, कंधे व कमर में जकड़न, बार-बार यूरिन आना, अचानक वजन बढ़ना, बाल झड़ना, त्वचा रूखी होना व सिरदर्द रहना।

दीर्घकालिक गंभीर खतरे

  • ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों की कमजोरी): एस्ट्रोजन हार्मोन घटते ही हड्डियां तेजी से कमजोर होती हैं। प्रदेश में महिलाओं में विटामिन डी की कमी से फ्रैक्चर का खतरा रहता है।
  • हार्ट की बीमारी: मेनोपॉज के बाद महिलाओं में दिल की बीमारियों का खतरा पुरुषों के बराबर पहुंच जाता है।
  • ब्रेन फॉग: ध्यान केंद्रित न हो पाना और भूलने की समस्या।

रितेश अग्रवाल, कमिश्नर, मेडिकल एजुकेशन के मुताबिक, अभी देश के कुछ चुनिंदा अस्पतालों में ही मेनोपॉज डेडिकेटेड क्लीनिक का संचालन हो रहा है। प्रदेश में इसकी जरूरत होगी तो आंबेडकर समेत दूसरे बड़े मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पतालों में क्लीनिक खोली जाएंगी, ताकि 45 प्लस महिलाओं को मेनोपॉज के बाद इलाज कराने में आसानी हो।

टॉपिक एक्सपर्ट

डॉ. सारिका साहू, सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट के अनुसार, मेनोपॉज के दौरान एस्ट्रोजन व अन्य हार्मोंन में गिरावट आती है। हड्डियों की कमजोरी व हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसकी समय रहते जांच व रोकथाम जरूरी है। एंजाइटी, तनाव व डिप्रेशन से निपटने के लिए इलाज के साथ काउंसिलिंग भी जरूरी है। चूंकि मेनोपॉज लंबे समय तक चलता है इसलिए इसकी अलग से क्लीनिक की जरूरत है, ताकि डॉक्टर महिलाओं की आराम से काउंसिलिंग कर सकें।