
Swami Atmanand School Recruitment 2026: प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट सोमवार को जारी किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति और ज्वाइनिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग की तैयारी के अनुसार इसी माह चयनित शिक्षकों और कर्मचारियों को स्कूलों में ज्वाइनिंग दी जा सकती है।
आत्मानंद स्कूलों में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक संविदा पदों के कुल 1812 रिक्त पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके लिए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा पूरी होने के दूसरे दिन ही मॉडल उत्तर जारी कर दिए गए थे। लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक ने बताया कि मॉडल उत्तर में प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जा रहा है। साेमवार को फाइनल रिजल्ट जारी कर दी जाएगी। अब अभ्यर्थियों को अंतिम परिणाम का इंतजार है।
भर्ती में सबसे ज्यादा पद सहायक शिक्षकों के हैं। इसके अलावा व्याख्याता, शिक्षक, प्रधानपाठक, व्यायाम शिक्षक, ग्रंथपाल, कंप्यूटर शिक्षक और प्रयोगशाला सहायकों की नियुक्ति की जाएगी। व्याख्याता के पदों में वाणिज्य विषय के 104 और अंग्रेजी के 65 पद शामिल हैं। वहीं प्रयोगशाला सहायक के 170 और ग्रंथपाल के 60 पदों पर भी भर्ती होगी।