
रायपुर@पीलूराम साहू। Children Dental Problems: अब गोद में खेलने की उम्र में नवजात बच्चों के दांत भी सड़ने (डेंटल कैरीज) लगे है। दांत के डॉक्टरों ने इसका कारण दूध की बोतल को रातभर मुंह में रखने (नर्सिंग बोतल कैरीज) को बताया है। 10 साल पहले 10 में केवल दो बच्चों में ये केस आ रहे थे। अब इसकी संख्या बढ़कर 6 से 7 पहुंच गई है। यानी 3 से 4 गुना केस बढ़ गए हैं। अब अक्ल के दांत भी टेढ़े-मेढ़े आने लगे हैं। यही नहीं जबड़ा छोटे होने के कारण भी ऐसे दांतों की संख्या बढ़ी है।
दरअसल बच्चा जब रोता है तो उसे चुप कराने के लिए महिलाएं रातभर बच्चे के मुंह में बोतल पकड़ाकर सो जाती हैं। रातभर दूध का अंश दांतों में चिपका रहता है, जिससे दांतों में सड़न पैदा होता है। बच्चे बड़े होने लगते हैं तो फास्ट फूड खाने लगते हैं। इससे दांतों में दर्द की शिकायत आने लगी है। फास्ट फूड का अंश दांत में चिपक जाता है। इससे सड़न के साथ दर्द की समस्या होने लगी है।
जो माताएं जागरूक होती है, वे दांतों में कालापन या अन्य समस्या देखकर डेंटिस्ट के पास जाते हैं। इस समस्या का समाधान फीलिंग कर कर दिया जाता है। जिन बच्चों के दांतों में दर्द होता है यानी समस्या बढ़ गई होती है, उन्हें रूट कैनाल की सलाह दी है। सरकारी डेंटल कॉलेज के अलावा निजी क्लीनिक में ऐसे मरीज काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। चॉकलेट के अलावा ज्यादा मीठा खाना भी दांतों की सड़न के लिए जिम्मेदार है।
डॉ. जितेंद्र सराफ, सीनियर डेंटिस्ट के मुताबिक, छोटे बच्चों में दांतों में सड़न का मुख्य कारण रातभर दूध की बोतल को मुंह में रखना है। इसे नर्सिंग बोतल कैरीज कहते हैं। इसके कारण दूध दांतों में चिपक जाता है व दांतों में सड़न पैदा होता है। अब तो डेढ़ साल के छोटे बच्चों में भी ऐसे केस आ रहे हैं, जो गंभीर है। 10 साल पहले केवल 2 बच्चों के दांतों में समस्या आ रही थी।
डॉ. अमित वास्ती, सीनियर डेंटिस्ट के मुताबिक, बड़ों की तुलना में बच्चों के दांतों में कैल्शियम की मात्रा कम होती है। इसलिए बच्चों के दांतों में ज्यादा सड़न हो रही है। ज्यादा मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन भी दांतों की समस्या बढ़ा रहा है। दांतों की सफाई नियमित रूप से करें। ज्यादा मीठा जैसे टॉफ़ी वगैरह खाने को न दें तो बेहतर है।