रायपुर

‘विरोध करने वालों को दिमागी नक्सली कहा जा रहा’, PM मोदी पर भूपेश बघेल का बड़ा हमला

BJP vs Congress: गोवर्धन तिहार के कार्यक्रम में भूपेश बघेल ने PM मोदी के बस्तर दौरे पर तंज कसते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने धान खरीदी, गिरदावरी और SIR समेत कई मुद्दों पर भी सवाल उठाए।
3 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 3:43 PM IST
CG News
'विरोध करने वालों को दिमागी नक्सली कहा जा रहा'(photo-patrika)

Bhupesh Baghel Statement: 'छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोवर्धन तिहार के मौके पर रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई राजनीतिक मुद्दों को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा कि प्रधानमंत्री भेष बदलने में माहिर हैं। बघेल ने आरोप लगाया कि आज देश में सरकार का विरोध करने वालों को दिमागी नक्सली कहा जा रहा है। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी, गिरदावरी, SIR और देश में कथित तौर पर बढ़ती बांटने की राजनीति को लेकर भी सवाल उठाए।

PM Modi Bastar Visit: PM मोदी के बस्तर दौरे पर भूपेश बघेल का तंज

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री भेष बदलने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जवानों को संबोधित करते हुए दिमागी नक्सलियों को खत्म करने की बात कही थी, लेकिन अब जो लोग सरकार का विरोध कर रहे हैं, उन्हें दिमागी नक्सली कहा जा रहा है।

बघेल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने ही देश के लोगों को गाली देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश इस समय संक्रमण काल से गुजर रहा है और कई लोग देश में विद्रोह पैदा करना चाहते हैं।

धान खरीदी और गिरदावरी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

धान खरीदी के मुद्दे पर भी भूपेश बघेल ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का समय आ गया है, लेकिन पटवारी हड़ताल पर हैं। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने एक गांव के कोटवार का उदाहरण देते हुए बताया कि उसके परिवार की चार एकड़ जमीन गिरदावरी से कट गई है।

बघेल ने कहा कि गिरदावरी में आ रही दिक्कतों के कारण किसान परेशान हैं। उन्होंने धान खरीदी की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि अब तक राइस मिलर्स केवल 25 प्रतिशत चावल ही जमा कर पाए हैं, जबकि 75 प्रतिशत चावल जमा होना बाकी है।

कांग्रेस विधायकों से विधानसभा में सवाल उठाने की अपील

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के सभी विधायकों से धान खरीदी और चावल जमा करने के मुद्दे पर विधानसभा में प्रश्न लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 और 2022-23 धान खरीदी के लिहाज से गोल्डन टाइम था। बघेल ने मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

जाति और भगवान के नाम पर बांटने की राजनीति का आरोप

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि देशभर में समाज को बांटने की राजनीति चल रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को जाति के नाम पर बांटा जा रहा है और अब भगवान के नाम पर भी विभाजन करने की कोशिश हो रही है।

कथावाचक धीरेन्द्र शास्त्री पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा कि भगवान राम और कृष्ण को भी बांटकर रख दिया गया है। उन्होंने पर्ची देखकर समस्याओं का समाधान बताने वाले कथावाचकों पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे समाज में विकृति आती है।

SIR पर केंद्र सरकार को घेरा, राहुल गांधी की तारीफ की

SIR के मुद्दे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। बघेल ने कहा कि मतदाता अब अपने वोट की कीमत समझ चुके हैं।

उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे सभी की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं और अन्याय, अत्याचार तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बघेल ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए चल रही इस लड़ाई में सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने आधुनिक युग में वैज्ञानिक सोच अपनाने और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

परिवार के साथ की गोवर्धन पूजा, राउत नाचा की प्रस्तुति

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोवर्धन तिहार मनाया गया। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ गौवंश की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। वहीं, पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोक कलाकारों ने राउत नाचा की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक दिखाई।

Updated on:
10 Nov 2026, 3:43 PM IST
Published on: