रायपुर

PDS Rice Scam: बिरगांव में राशन चावल की कालाबाजारी उजागर, दुकान होगी सस्पेंड, जिम्मेदार पर FIR की तैयारी

PDS Rice Scam: बिरगांव में राशन दुकान से सरकारी चावल गाड़ी भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग दुकान को सस्पेंड करने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कराने की तैयारी में है।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 12:07 PM IST
PDS Rice Scam
राशन चावल की कालाबाजारी उजागर (Photo Patrika)

Rice Scam: गरीबों के निवाले पर खुलेआम डाका डालने का मामला सामने आने के बाद भी खाद्य विभाग की कार्रवाई अब तक फाइलों में उलझी हुई है। बिरगांव की एक राशन दुकान (441006010) से गाड़ी भरकर सरकारी चावल ले जाते पकड़े जाने के बावजूद अब तक न तो संबंधित राशन दुकान को निलंबित किया गया और न ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। मौके पर चावल पकड़ा गया, पुलिस थाना गया, मामला विभाग तक पहुंचा, जांच की बात भी कही गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक नतीजा सिफर है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकारी राशन की कालाबाजारी के मामले में विभाग इतना सुस्त क्यों है?

पकड़ में आया मामला फिर भी कार्रवाई नहीं

बिरगांव में गाड़ी भरकर चावल ले जाने का मामला सामने आने के बाद उम्मीद थी कि खाद्य विभाग तत्काल संबंधित दुकान का रिकॉर्ड खंगालेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। लेकिन दो हफ्ते होने जा रहे हैं, अबतक विभाग की ओर से सिर्फ जांच की जा रही है। ना ही दुकान को सस्पेंड किया गया है, ना ही किसी पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।

भाजपा नेता की गाड़ी में पकड़ाया 25 बोरा चावल

राशन दुकान से सरकारी चावल के करीब 25 बोरे सीधे पिकअप सीजी 04 जेसी 8671 में भरकर ले जाया जा रहा था। यह गाड़ी बिरगांव के भाजपा नेता भीखम साहू की बताई गई। गाड़ी में भी भीखम किराना स्टोर्स लिखा हुआ मिला। मामला थाना जाने के बाद आम लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी नेता करीब 30-35 कार्ड लेकर पहुंचे। हालांकि वायरल वीडियो के अनुसार भाजपा नेता ने कहा कि मेरा खुद का और परिवार का राशन है, करीब दस कार्ड तो परिवार के हैं। आसपास के लोगों का ड्राइवर ने राशन भरा, कैसे भरा इसकी जानकारी नहीं है।

वर्जन

इस मामले की जांच की जा रही है, तथ्य सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। राशन दुकान को भी जल्द सस्पेंड किया जाएगा।

  • भूपेंद्र मिश्रा, खाद्य नियंत्रक रायपुर
Updated on:
14 Nov 2026, 12:07 PM IST
Published on: