14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

छत्तीसगढ़ के मौसम में होगा बड़ा बदलाव! 16 नवंबर तक तूफान बनने के आसार, IMD दिया नया अपडेट

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने के संकेत हैं। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पहुंचा।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Laxmi Vishwakarma

•

Updated: 14 Nov 2026, 8:55 AM IST

IMD Weather Update

बंगाल की खाड़ी में गहराया चक्रवात का खतरा (Photo Source- Patrika Create)

IMD Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक ओर ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है, तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसम सिस्टम चिंता बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहा है। इसके 14 नवंबर को स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। वहीं, 15 नवंबर तक इसके अवदाब और 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने के आसार हैं।

हालांकि, प्रदेश में फिलहाल इस सिस्टम का कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है। मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। लेकिन आने वाले दिनों में चक्रवाती तूफान की दिशा और उसकी स्थिति के आधार पर छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Bengal Bay Cyclone: बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, 13 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय था। इससे जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इस सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद 14 नवंबर को यह स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। 15 नवंबर की सुबह तक इसके अवदाब बनने के आसार हैं। वहीं, 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई गई है।

क्या छत्तीसगढ़ में भी होगा चक्रवात का असर?

बंगाल की खाड़ी में बन रहा यह सिस्टम चक्रवाती तूफान का रूप लेने के बाद उत्तर की ओर बढ़ सकता है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी इसका असर पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, फिलहाल मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश या किसी तरह के खराब मौसम की चेतावनी जारी नहीं की है। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को फिलहाल बारिश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। आने वाले दिनों में तूफान की दिशा और उसकी गति के आधार पर मौसम विभाग की ओर से नया अपडेट जारी किया जा सकता है।

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान, रायपुर में गर्मी का असर

प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ ही रात के तापमान में ठंड का असर महसूस होने लगा है। शुक्रवार को अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल रायपुर सहित प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश या खराब मौसम की चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने का अनुमान है।

Chhattisgarh Mausam: 15 नवंबर से धान खरीदी, किसानों की बढ़ सकती है चिंता

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। ऐसे समय में बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम किसानों और प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण हो गया है। यदि आने वाले दिनों में तूफान का असर प्रदेश तक पहुंचता है और बारिश होती है, तो धान खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। खुले में रखे धान, खरीदी केंद्रों में पहुंचने वाले किसानों और परिवहन व्यवस्था पर भी मौसम का असर पड़ सकता है।

हालांकि, अभी प्रदेश में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। इसलिए फिलहाल धान खरीदी पर किसी तरह के मौसम संबंधी खतरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क है और ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में यह सिस्टम किस दिशा में आगे बढ़ता है, इसी से प्रदेश के मौसम पर इसके संभावित असर की स्थिति स्पष्ट होगी।