
Water Supply Close: लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिरगांव की जलापूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ा है। खारुन नदी में अत्यधिक गंदा और मटमैला पानी आने के कारण बेंद्री एनीकट से बिरगांव को होने वाली पानी की सप्लाई तीन दिनों के लिए बंद कर दी गई है। गंदे पानी की वजह से फिल्टर प्लांट के संचालन में परेशानी आ रही थी, जिसके चलते जल कार्य विभाग ने प्लांट को बंद करने का निर्णय लिया है।
बिरगांव नगर निगम को बेंद्री एनीकट के जरिए पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन लगातार बारिश के बाद खारुन नदी में पानी का बहाव बढ़ने के साथ ही बड़ी मात्रा में गाद और मिट्टी आ गई है। नदी का पानी बेहद मटमैला होने के कारण इसे फिल्टर प्लांट में लेकर शुद्ध करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में निगम ने एहतियात के तौर पर नदी से पानी लेना फिलहाल बंद कर दिया है।
जल कार्य प्रभारी इकराम अहमद ने बताया कि भारी बारिश के कारण खारुन नदी और बेंद्री एनीकट में काफी ज्यादा गंदा पानी पहुंच रहा है। इसी वजह से बिरगांव के फिल्टर प्लांट को बंद रखना पड़ रहा है। इसका असर नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में होने वाली नल जलापूर्ति पर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल तीन दिनों तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की संभावना है। नदी का पानी सामान्य और साफ होने के बाद फिल्टर प्लांट को दोबारा शुरू किया जाएगा। इसके बाद बिरगांव में नियमित जलापूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जल कार्य विभाग के मुताबिक अत्यधिक गंदा पानी फिल्टर प्लांट में पहुंचने से वहां लगी मशीनों और अन्य उपकरणों पर असर पड़ सकता है। पानी में मौजूद ज्यादा मात्रा में मिट्टी और गाद के कारण मशीनों के खराब होने का खतरा बना हुआ है। इसी को देखते हुए निगम ने फिलहाल प्लांट में नदी का पानी लेना बंद कर दिया है। विभाग का कहना है कि यह कदम मशीनरी को संभावित नुकसान से बचाने के लिए उठाया गया है। जैसे ही खारुन नदी का पानी साफ होगा, प्लांट को फिर से चालू कर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
नल से पानी की सप्लाई बंद रहने के दौरान जिन वार्डों में पेयजल की ज्यादा आवश्यकता होगी, वहां निगम की ओर से टैंकर के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। जल कार्य विभाग ने कहा है कि लोगों की जरूरत के अनुसार टैंकर भेजे जाएंगे, ताकि जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहने के दौरान जरूरी पानी उपलब्ध कराया जा सके।
बिरगांव में जलापूर्ति बहाल करने के लिए अब नदी के पानी के सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण खारुन नदी में मटमैले पानी की स्थिति बनी हुई है। विभाग के अनुसार पानी साफ होने के बाद फिल्टर प्लांट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल तीन दिनों तक कई इलाकों में नल से नियमित पानी नहीं आने की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में प्रभावित वार्डों में जरूरत के अनुसार टैंकर से पानी उपलब्ध कराने पर नगर निगम का फोकस रहेगा।