
BJP Meeting: छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की पहली दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक 16 और 17 नवंबर को रायपुर के जैनम मानस भवन में आयोजित होगी। इसमें प्रदेशभर से 500 से अधिक महिला पदाधिकारी और नेत्रियां शामिल होंगी। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता महिला कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समापन सत्र में शामिल होंगे।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने बताया कि कार्यसमिति बैठक में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद रूपकुमारी चौधरी दोनों दिन मौजूद रहेंगी। वे प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रमुखों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगी। बैठक का उद्देश्य महिला मोर्चा के कामकाज की समीक्षा करने के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर दिशा तय करना है।
16 नवंबर को बैठक की औपचारिक शुरुआत होगी। पहले दिन अध्यक्षीय उद्बोधन के बाद राजनीतिक सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी महिला मोर्चा का कार्यवृत्त प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा 'वर्तमान राजनीतिक परिवेश में महिला मोर्चा की भूमिका' विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी संगठनात्मक मुद्दों पर पदाधिकारियों और जिला प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगी।
बैठक में महिला नेत्रियों को मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। मीडिया एवं सोशल मीडिया संयोजक आधुनिक कार्यशैली, संवाद और जनसंपर्क के तरीकों पर प्रशिक्षण देंगे। पहले दिन के कार्यक्रम के बाद रात्रि भोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी रखा गया है।
कार्यसमिति बैठक के दूसरे दिन यानी 17 नवंबर को पांच महत्वपूर्ण सत्र आयोजित होंगे। इनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वरिष्ठ नेत्री डॉ. सरोज पांडेय, महिला मोर्चा प्रभारी सुभाष तिवारी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मार्गदर्शन देंगे। बैठक के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान संगठन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।