मंत्री की कथित सेक्स सीडी को भाजपा द्वारा नकली करार देते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ भाजपा समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा।
रायपुर . छत्तीसगढ़ में मंत्री की कथित सेक्स सीडी को भाजपा द्वारा नकली करार देते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ भाजपा समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भूपेश बघेल के बंगले पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने भूपेश के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।
सीडी कांड को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ता इतने गुस्से में थे वे अपने साथ जूते-चप्पल और गोबर लेकर भूपेश के बंगले पहुंचे थे। प्रदर्शन कर रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बंगले में जूता-चप्पल फेंकना शुरू कर दिया। इसी बीच कुछ भाजयुमो कार्यकर्ता जबरन बंगले में घुसने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन बंगले पर तैनात सुरक्षा बलों की संख्या कम होने की वजह से कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बीच पुलिस की भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ झूमाझटकी भी हुई।
इससे पहले शनिवार को सीडी कांड को लेकर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। शाम को जैसे ही पता चला कि मंत्री राजेश मूणत की कथित सेक्स सीडी फर्जी है। इसके बाद भाजपा समर्थकों ने जमकर खुशियां मनाई और पटाखे फोड़कर मिठाई बांटी। उसके बाद नाराज भाजपा समर्थकों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के बंगले के बाहर लगी नेम प्लेट पर कालिख पोतकर अपना गुस्सा उतारा।
उधर, मंत्री की तथाकथित सेक्स सीडी कांड में गिरफ्तार पत्रकार विनोद वर्मा को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस शनिवार की देर रात रायपुर पहुंची। विनोद वर्मा को रायपुर के माना पुलिस थाना में रखा गया। पुलिस आज उन्हें रायपुर कोर्ट में पेश करेगी। बतादें कि पत्रकार विनोद वर्मा तीन दिन तक छत्तीसगढ़ पुलिस के ट्रांजिट रिमांड पर हैं। इससे पहले छत्तीसगढ़ पुलिस ने पत्रकार विनोद वर्मा को गाजियाबाद में इंदिरापुरम स्थित उनके घर से शुक्रवार तड़के गिरफ्तार किया था।