रायपुर

छत्तीसगढ़ में ई-चालान के नाम पर साइबर फ्रॉड! SMS-WhatsApp लिंक से रहें सावधान, खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

WhatsApp Scam Link: ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का खतरा बढ़ गया है। फर्जी SMS और WhatsApp लिंक के जरिए ठग बैंकिंग जानकारी चुराने की कोशिश कर रहे हैं। परिवहन विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।
2 min read
Jun 25, 2026
Fake E-Challan Scam
Fake E-Challan Scam: ई-चालान के नाम पर साइबर फ्रॉड(photo-AI)

Fake E-Challan Scam: अगर आपके मोबाइल पर अचानक ई-चालान भुगतान करने का कोई मैसेज या लिंक आया है, तो सावधान हो जाइए। यह साइबर अपराधियों की ठगी की नई चाल हो सकती है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए चेतावनी जारी करते हुए फर्जी ई-चालान लिंक से बचने की अपील की है।

विभाग के अनुसार, साइबर ठग SMS, WhatsApp और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए नकली ई-चालान लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक के जरिए लोगों को असली सरकारी वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट पर पहुंचाया जाता है, जहां बैंकिंग और कार्ड से जुड़ी जानकारी चोरी करने की कोशिश की जाती है।

Cyber Fraud Alert: फर्जी वेबसाइट बनाकर करते हैं ठगी

परिवहन विभाग ने बताया कि ठग अक्सर अज्ञात मोबाइल नंबरों से ई-चालान के नाम पर मैसेज भेजते हैं। इन संदेशों में तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है और भुगतान नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जाती है। लिंक खोलने के बाद नकली वेबसाइट पर यूजर से कार्ड नंबर, यूपीआई जानकारी, ओटीपी और अन्य निजी जानकारी मांगी जाती है। कई मामलों में ठग ऐप या APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भी कहते हैं, जो मोबाइल में खतरनाक मालवेयर इंस्टॉल कर सकती है।

ऐसे पहचानें फर्जी ई-चालान लिंक

परिवहन विभाग ने नागरिकों को फर्जी लिंक पहचानने के लिए कुछ संकेत बताए हैं।

  • लिंक किसी अज्ञात नंबर या WhatsApp नंबर से आना
  • वेबसाइट के URL में संदिग्ध डोमेन जैसे .xyz, .click या .live का इस्तेमाल होना
  • तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाना
  • OTP, कार्ड नंबर या CVV जैसी जानकारी मांगना

इन संकेतों के जरिए लोग फर्जी ई-चालान संदेशों की पहचान कर सकते हैं।

केवल आधिकारिक पोर्टल से करें भुगतान

विभाग ने साफ किया है कि ई-चालान से जुड़ी किसी भी जानकारी या भुगतान के लिए केवल आधिकारिक पोर्टल का ही इस्तेमाल करें। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

परिवहन विभाग ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकता है। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे फर्जी लिंक और अफवाहों से बचें और किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक माध्यमों से ही करें।

Published on:
25 Jun 2026 04:35 pm