रायपुर

CGBSE Warning: रिजल्ट में अंक बढ़ाने और पास कराने के नाम पर ठगी से रहें सावधान, बोर्ड ने जारी की चेतावनी

Fake Result Calls: CGBSE ने छात्रों और अभिभावकों को फर्जी कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंक बढ़ाने या फेल छात्रों को पास कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले ठगों से सावधान रहें और ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस में शिकायत करें।
2 min read
Aug 12, 2026
CGBSE Warning
CGBSE Warning: उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जारी(photo-patrika)

CGBSE Warning: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों, अभिभावकों और आमजन के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को उत्तीर्ण कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति फोन कॉल, मैसेज या अन्य माध्यम से संपर्क कर धन की मांग करता है, तो उस पर बिल्कुल भी विश्वास न करें। ऐसे मामलों में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

CGBSE Result Scam: उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जारी

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य एवं अवसर परीक्षा समाप्त हो चुकी है। वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य चल रहा है। इसी बीच मंडल ने संभावित साइबर ठगी और फर्जी कॉल से बचने के लिए छात्रों और अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पिछले वर्षों में भी आए थे फर्जी कॉल

मंडल के अनुसार, वर्ष 2024 और 2025 में भी बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले और बाद में कई विद्यार्थियों और अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल प्राप्त हुए थे। कॉल करने वालों ने परिणाम सुधारने, अंक बढ़ाने या फेल विद्यार्थियों को पास कराने का झांसा देकर अवैध रूप से पैसे की मांग की थी।

किसी भी तरह का लेन-देन न करें

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने साफ किया है कि परिणाम में बदलाव या अंक बढ़ाने जैसी किसी भी प्रक्रिया के लिए मंडल की ओर से फोन कॉल नहीं किए जाते और न ही किसी प्रकार की धनराशि मांगी जाती है। यदि कोई व्यक्ति इस तरह का दावा करता है, तो वह पूरी तरह फर्जी है।

फर्जी कॉल मिलने पर तुरंत करें शिकायत

मंडल ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी भ्रामक फोन कॉल, मैसेज या ऑनलाइन संपर्क के झांसे में न आएं। यदि इस तरह का कोई मामला सामने आता है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं और आर्थिक लेन-देन से पूरी तरह बचें।

सतर्क रहने की अपील

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कहा है कि परीक्षा परिणाम से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी केवल बोर्ड के अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाती है। इसलिए छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी फर्जी कॉल या अफवाह से सावधान रहें।

Updated on:
12 Aug 2026 01:12 pm
Published on:
12 Aug 2026 01:12 pm