रायपुर

छत्तीसगढ़ पीएससी परीक्षा के लिए नए निर्देश जारी, ड्रेस कोड से लेकर एंट्री टाइम तक सख्ती, जानें गाइडलाइन…

CGPSC Prelims Admit Card 2026: CGPSC 2025-26 प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित होगी। आयोग ने ड्रेस कोड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर प्रतिबंध और परीक्षा से 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचने सहित सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

2 min read
Feb 12, 2026
छत्तीसगढ़ पीएससी परीक्षा के लिए नए निर्देश जारी (photo source- Patrika)

CGPSC Prelims 2026: राज्य सिविल सेवा भर्ती परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश के सभी 33 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। लोक सेवा आयोग ने एडमिट कार्ड जारी करने के साथ ही विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें

Student Suicide: किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने की सुसाइड

CGPSC Prelims 2026: ड्रेस कोड अनिवार्य, गहरे रंग के कपड़ों पर रोक

परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना अनिवार्य है। काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। कार्गो पैंट और किसी भी प्रकार के डिजाइनर या भारी परिधान की अनुमति नहीं होगी। हालांकि साधारण जींस या सामान्य पैंट पहनी जा सकती है।

महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश

महिलाएं आधी बांह की सलवार-कुर्ती या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं। कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण की अनुमति नहीं है। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की छूट दी गई है।

जूते-चप्पलों को लेकर सख्ती

मोटे सोल या ऊंची हील वाले जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनने की अनुमति दी गई है।

परीक्षा केंद्र में सीमित वस्तुएं ही ले जाने की अनुमति होगी। इनमें शामिल हैं:

बिना लेबल की पारदर्शी पानी की बोतल

प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट

मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार या ई-आधार)

काला या नीला बॉल पेन

यदि प्रवेश पत्र पर लगी फोटो स्पष्ट नहीं है, तो दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। नाम या फोटो में अंतर होने पर संबंधित मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, सामान्य घड़ी, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, पेजर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे।

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान

जिन अभ्यर्थियों को सहलेखक की अनुमति दी गई है, उन्हें जिला कार्यालय से जारी स्वीकृति पत्र साथ रखना होगा। सहलेखक पर भी परीक्षा के सभी नियम लागू होंगे। चिकित्सकीय आवश्यकता के आधार पर विशेष जूते या उपकरण की अनुमति जांच के बाद दी जाएगी।

समय से पहले पहुंचना अनिवार्य

आयोग ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक सत्र के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी को भी केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी, सिवाय चिकित्सा आपात स्थिति के।

नियमों का पालन जरूरी

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सूची के अलावा कोई अन्य वस्तु लाने की स्थिति में उसकी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। आवश्यकता पड़ने पर तलाशी भी ली जा सकती है। सभी परीक्षार्थियों से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित परीक्षा संचालन में सहयोग की अपील की गई है।

Published on:
12 Feb 2026 07:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर