
Chhattisgarh Devlopment News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर नगर पंचायत कुनकुरीवासियों को बड़ी सौगात देते हुए लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण, छठ तालाब विकास कार्य तथा छठ तालाब रिज्युविनेशन कार्य शामिल हैं।
पूजा के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वह हर साल की तरह इस बार भी अपनी पत्नी के साथ छठ महापर्व मनाने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी पहुंचे हैं। यहां उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज छठ घाट का भूमि पूजन भी किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि सभी के घरों में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल्या साय ने सोमवार को छठ महापर्व के अवसर पर जशपुर जिले के कुनकुरी विकास खंड के छठ घाट में उगते सूर्य देव को उषा अर्घ्य अर्पित करके प्रदेश के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ पर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज बड़े ही सौभाग्य का दिन है कि उन्हें अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के अवसर पर शामिल होने का अवसर मिला है।
कुनकुरी में प्रस्तावित मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण नगर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस भवन के बनने से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। नगर में अलग-अलग अवसरों पर होने वाले कार्यक्रमों के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित करने में यह भवन उपयोगी साबित हो सकता है। इससे स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।