
Smart meters in Chhattisgarh: ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) ने छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और मोर बिजली ऐप के सफल क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को बधाई दी है। मोर बिजली एप के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रखने के साथ उसे नियंत्रित करने के लिए भी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसमें उपलब्ध खपत पूर्वानुमान, ग्राफ आधारित विश्लेषण, रियल टाइम अपडेट और तुलनात्मक आंकड़े उपयोगी हैं।
स्मार्ट मीटर और एप में उपलब्ध सुविधाएं उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत बेहतर ढंग से प्रबंधित करने में मदद करती हैं। एआईडीए महानिदेशक आलोक कुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने स्मार्ट मीटर स्थापना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में अच्छी प्रगति की है। प्रतिनिधिमंडल को शुक्रवार को राजनांदगांव स्थित बैटरी स्टोरेज सोलर पावर प्लांट का क्षेत्रीय भ्रमण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वीके साय व एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह व एके लखेरा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
एआईडीए महानिदेशक आलोक कुमार ने कहा कि दूसरे राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा विकसित मोर बिजली एप एवं प्रकाश एप की जानकारी भी साझा की जाएगी। वे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम में बोल रहे थे। एआईडीए से देशभर की सरकारी और निजी विद्युत वितरण कंपनियां जुड़ी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर की स्थापना, उनके संचालन व प्रभावी क्रियान्वयन और मोर बिजली एप के माध्यम से मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेने के लिए राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा है। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन पावर कंपनियों के मुख्यालय डंगनिया स्थित सेवा भवन में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने में छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर है।
मोर बिजली एप में 36 सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से उपभोक्ता शिकायत दर्ज कराने, उसके निराकरण की स्थिति जानन, बिल का भुगतान करने और पिछले दो वर्षों की बिजली खपत व भुगतान का विवरण देख सकते हैं। कार्यपालक निदेशक (ईआईटीसी) एएम परियल ने बताया कि मोर बिजली ऐप का खपत पूर्वानुमान फीचर उपभोक्ताओं को आगामी बिजली बिल का अनुमान लगाने और अपनी खपत को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने में मदद करता है।
कुल उपभोक्ता- 66 लाख
घरेलू कनेक्शन- 55.43 लाख
स्मार्ट मीटर लग चुके- 80 फीसदी (44.23 लाख)
सरकारी विभागों में- 90 फीसदी
वाणिज्यिक कार्यालयों में 76 फीसदी
औद्योगिक कनेक्शन- 58 फीसदी
कृषि पंप कनेक्शन- 8 लाख
रायपुर में लग चुके- 98 फीसदी