रायपुर

BREAKING: देशभर में छत्तीसगढ़ का दबदबा, बिल्हा-बिलासपुर-रायपुर को मिले स्वच्छता के 3 बड़े पुरस्कार

Swachh Bharat Mission: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। बिल्हा लगातार दूसरे साल देश में नंबर-1 बना, जबकि बिलासपुर को दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन और रायपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 6:11 PM IST
BREAKING
BREAKING: देशभर में छत्तीसगढ़ का दबदबा(photo-patrika)

BREAKING: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ये पुरस्कार प्रदान किए। नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लगातार दूसरे वर्ष देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन और रायपुर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।

Swachh Survekshan 2025-26: बिल्हा ने लगातार दूसरी बार हासिल किया पहला स्थान

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिल्हा ने एक बार फिर अपनी उपलब्धि दोहराई है। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा देश में पहले स्थान पर रहा। खास बात यह है कि नगर पंचायत ने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि हासिल की है। इससे छोटे शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

बिलासपुर बना देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन

बिलासपुर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बरकरार रखी है। शहर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन घोषित किया गया है। बिलासपुर को लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि शहर में स्वच्छता और नदी किनारे के क्षेत्रों की साफ-सफाई से जुड़े प्रयासों को दर्शाती है।

रायपुर को मिला छत्तीसगढ़ के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार

राजधानी रायपुर ने भी इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष रायपुर को 'प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर' के रूप में केंद्रीय मंत्री पुरस्कार मिला था। इस वर्ष शहर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इसके साथ ही रायपुर को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।

अरुण साव ने राष्ट्रपति से ग्रहण किए पुरस्कार

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से तीनों पुरस्कार ग्रहण किए। इस दौरान प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के मिशन संचालक एवं सीईओ सुमीत अग्रवाल, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, रायपुर महापौर मीनल चौबे और बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे मौजूद रहीं। इसके अलावा रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।

स्वच्छता दीदियों के योगदान को भी मिला सम्मान

इस उपलब्धि में तीनों नगरीय निकायों की स्वच्छता दीदियों की भूमिका को भी अहम बताया गया। प्रतिनिधिमंडल में स्वच्छता दीदियां भी शामिल रहीं। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाईकर्मियों और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।

स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत लगातार प्रयास

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, स्वच्छता में लगातार बेहतर प्रदर्शन के पीछे स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत किए जा रहे प्रयास, नियमित निगरानी और मजबूत व्यवस्था की भूमिका है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाना है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर को मिले तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों से छत्तीसगढ़ की शहरी स्वच्छता व्यवस्था को नई पहचान मिली है।

Updated on:
11 Nov 2026, 6:11 PM IST
Published on: