
रायपुर. विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 7 जिलों में माओवादी हमले का खतरा बना हुआ है। इसमें महासमुंद गरियाबंद, कवर्धा, धमतरी, बलरामपुर, जशपुर और बालोद जिला शामिल है। उनके मूवमेंट को देखते हुए इन जिलों में राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को सतर्क रहने के निर्देश गए है। उनसे निपटने के लिए संयुक्त रणनीति बनाई गई है।
इन जिलों से जुड़े हुए ओडिसा, मध्यप्रदेश और झारखंड की सीमा को सील कर दिया गया है। साथ ही सीमांत इलाकों में चेकपोस्ट बनाकर वाहनों की कड़ाई से जांच की जा रही है। राज्य पुलिस के अफसरों ने बताया कि प्रथम चरण में शांतिपूर्ण तरीके के मतदान कराने के बाद चुनौती बनी हुई है। इसमें सर्वाधिक प्रभावित रायपुर संभाग के धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिला शामिल है।
यह दल सक्रिय
बलरामपुर और जशपुर से लगे सीमावर्ती इलाके में झारखंड एरिया कमेटी, गरियाबंद में सीतानदी उदंती दलम और कवर्धा क्षेत्र में विस्तार दलम और महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के माओवादी संगठनों का खतरा बना हुआ है। वहीं बस्तर में फोर्स के हाथों मात खाने के बाद एक बार फिर से संगठित होने लगे है। ज्ञात हो कि इन जिलों में पिछले काफी समय से माओवादियों के 10 छोटे-बड़े संगठन सक्रिय है। उनसे निपटने के लिए राज्य पुलिस के साथ ही सीआरपीएफ और आइटीबी के जवानों को तैनात किया गया है।
सुरक्षा के प्रबंध
डीआइजी पुलिस मुख्यालय पी सुंदरराज ने कहा कि माओवादी गतिविधियों को देखते हुए प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए है। इन जिलों में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया गया है।