
Pakistani Fairness Creams: राजधानी समेत प्रदेश में गोरा करने वाली क्रीम का कारोबार एक बड़े मकड़जाल में बदल चुका है। हर साल 15 से 20 करोड़ रुपए का यह धंधा गली-मोहल्ले की दुकानों, ब्यूटी पार्लर व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक फैला हुआ है। ड्रग विभाग की सुस्त कार्रवाई के कारण यह जाल टूट नहीं रहा है। पिछले एक सप्ताह में विभाग ने दो बड़ी कार्रवाई की है, जिससे इस कारोबार की हकीकत सामने आई हैं। आईआईटी हैदराबाद की स्टडी में देशी क्रीम में पारा 0.13 पीपीएम मिला, जो सुरक्षित है। दूसरी ओर इंपोर्टेड पाकिस्तानी क्रीम में पारा 9240 पीपीएम मिला, जो लिमिट से 9240 गुना ज्यादा है। सप्ताहभर पहले ड्रग विभाग की टीम ने महावीरनगर में एक किराए के मकान में छापा मारा।
वहां बिना वैध लाइसेंस के गोरा करने वाली क्रीम व फेस सीरम बनाया जा रहा था। मौके से मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स ब्यूटी नाइट क्रीम व क्विंज पर्ल फेस सीरम जब्त किया गया। विभाग ने करीब पांच लाख रुपए का तैयार माल, कच्चा माल व पैकेजिंग सामग्री जब्त की। जांच में पता चला कि इस ठिकाने पर पिछले एक महीने से निर्माण चल रहा था, जबकि लाइसेंस की अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी थी। निर्माण स्थल पर कोई योग्य केमिस्ट नहीं था, न ही गुणवत्ता जांच के लिए कोई लैब थी। संचालक ने बताया कि क्रीम बनाने का फॉर्मूला दिल्ली व मुंबई से मंगाया जाता था। विभाग ने सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यहां बनी क्रीम की कितनी खेप बाजार में पहुंच चुकी है।
राजधानी के महावीरनगर की कार्रवाई से ठीक पहले गोलबाजार स्थित ओम ब्यूटी सेंटर पर भी छापा मारा गया था। वहां से पाकिस्तान में निर्मित 236 क्रीम जब्त की गईं। इनमें 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम शामिल थीं। इनकी कीमत करीब सवा लाख रुपए बताई गई है। 2 मई 2025 से पाकिस्तान से किसी भी सामान के आयात पर पूरी तरह रोक है। इसके बाद भी ये क्रीम अवैध तरीके से रायपुर के बाजार में पहुंच रही हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने 8 सितंबर 2026 को अलर्ट जारी कर इन क्रीमों को भारत में अनधिकृत घोषित कर दिया था। इसके बावजूद इनकी बिक्री नहीं रुकी। एक हफ्ते में कुल करीब 6.25 लाख रुपए का माल जब्त हुआ है।
क्रीम संबंधी बिजनेस का असली खेल मुनाफे में छिपा है। एक क्रीम को बनाने की लागत मात्र 30 से 50 रुपए आती है। वही क्रीम दुकान पर 300 से 550 रुपए में बेची जाती है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 800 रुपए एमआरपी बताकर 300 रुपए में देने का दावा किया जाता है। थोक में एक साथ 300 से 500 पीस का ऑर्डर लिया जाता है। दुकानदार को भारी कमीशन मिलता है, इसलिए हर गली की कॉस्मेटिक दुकान पर ये क्रीम आसानी से मिल जाती है।
डॉक्टरों के अनुसार लंबे समय तक इस्तेमाल से किडनी फेल, नर्वस सिस्टम को नुकसान, त्वचा पतली होना, नसें दिखना व पैरालिसिस तक का खतरा हो सकता है। 10 टन इंपोर्टेड क्रीम से हर साल भारत में 29 से 317 किलो पारा समाज में आ जाता है। ड्रग विभाग का कहना है कि बिना लाइसेंस, बिना निर्माता के पते व बिना सामग्री की जानकारी वाली कोई भी क्रीम न खरीदें। ये क्रीम एक सप्ताह में गोरा करने, दाग-धब्बे हटाने व चमक लाने का दावा करती हैं। स्किन के डॉक्टरों के अनुसार इस तेज असर के पीछे पारा होता है। पारा त्वचा को तुरंत सफेद दिखाता है, इसलिए लोगों को लगता है कि क्रीम काम कर रही है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार क्रीम में पारा की लिमिट मात्र एक पीपीएम है। भारत में कॉस्मेटिक में पारा पूरी तरह बैन है।
कुछ स्किन लाइटनिंग या फेयरनेस क्रीमों में मौजूद पारा (मर्करी) स्किन के जरिए शरीर में जाकर नर्वस सिस्टम व किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। पारा स्किन में मेलानिन बनने की प्रक्रिया को धीमा कर रंग हल्का करता है, लेकिन बार-बार लगाने से यह खून व अंगों तक पहुंच जाता है। लंबे समय तक पारे के संपर्क में रहने से नर्वस सिस्टम प्रभावित हो सकता है, जिससे याददाश्त की समस्या, कंपन व अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याएं आ सकती हैं।
-डॉ. अभिजीत कोहट, सीनियर न्यूरोलॉजिस्ट रायपुर
गलत या हानिकारक क्रीम के इस्तेमाल से स्किन का सुरक्षा कवच कमजोर हो सकता है। इससे जलन, लालिमा, मुंहासे, त्वचा का पतला होना व गंभीर मामलों में पारा (मर्करी) विषाक्तता जैसी समस्याएं हो सकती हैं। तेज एक्टिव तत्वों या बार-बार उत्पाद बदलने से त्वचा की बाहरी परत कमजोर हो सकती है। इससे रूखापन, पपड़ी निकलना, खिंचाव व संवेदनशीलता बढ़ती है।
-डॉ. मृत्युंजय सिंह, सीनियर डर्मटोलॉजिस्ट रायपुर
……..