
Transfer List: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर की ओर से जारी आदेश के तहत 7 थाना प्रभारियों (निरीक्षकों) और 3 उप निरीक्षकों समेत कुल 10 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। यह आदेश पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा के बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम द्वारा जारी किया गया है। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगे।
आदेश के अनुसार, निरीक्षक लक्ष्मण भगत को राजनांदगांव से जशपुर भेजा गया है। वहीं सतीश कुमार साहू का स्थानांतरण मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से बिलासपुर किया गया है। नसीमुद्दीन खान को सूरजपुर से बलौदाबाजार-भाटापारा और अजय कुमार साहू को बलरामपुर-रामानुजगंज से बिलासपुर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा अमित कुमार बेरिया को दंतेवाड़ा से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर स्थित प्रशासन अकादमी एवं विशेष इकाई (अअवि) में नई जिम्मेदारी दी गई है। प्रेम प्रकाश अवधिया को कांकेर से रायपुर ग्रामीण तथा सुनील दुबे को बीजापुर से कांकेर स्थानांतरित किया गया है।
उप निरीक्षकों के तबादलों में गणेश यादव को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से सरगुजा, अमित गुप्ता को मुंगेली से सूरजपुर और वीणा साहू को रायगढ़ से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर भेजा गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, ये सभी स्थानांतरण प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे बिना देरी किए नई पदस्थापना वाली जगह पर पहुंचकर कार्यभार संभालें। पुलिस विभाग के इस बदलाव को प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विभागीय कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।